सीतापुर में राजस्व टीम पर हमला, तीन पर केस दर्ज:अवैध कब्जा हटाने गई टीम से मारपीट, लेखपाल की तहरीर पर कार्रवाई

सीतापुर में राजस्व टीम पर हमला, तीन पर केस दर्ज:अवैध कब्जा हटाने गई टीम से मारपीट, लेखपाल की तहरीर पर कार्रवाई

सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घुरेहटा में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम पर हमला किया गया। बुधवार को हुई इस घटना के बाद लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम पंचायत घुरेहटा की गाटा संख्या 86 की नवीन परती भूमि पर इंद्रपाल नामक व्यक्ति ने अवैध रूप से दीवार खड़ी कर कब्जा कर लिया था। इस मामले में तहसीलदार न्यायालय द्वारा 31 अक्टूबर 2025 को बेदखली का आदेश जारी किया गया था। आदेश के अनुपालन में बुधवार को नायब तहसीलदार राकेश पाल, लेखपाल रजनीश सोनकर, कृतिका सिंह और प्रदीप शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही टीम ने कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की, तभी इंद्रपाल ने अपने बेटे राम प्रताप और पत्नी गायत्री के साथ मिलकर टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि तीनों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए राजस्व कर्मियों के साथ मारपीट की और लेखपाल को जातिसूचक गालियां दीं। साथ ही पूरी टीम को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले में लेखपाल कृतिका सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गुरुवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *