युद्ध के बीच अमेरिका-इजरायल को ईरान ने दिया अल्टीमेटम, कहा- ‘हमारा देश पक्का इरादा कर चुका है’

युद्ध के बीच अमेरिका-इजरायल को ईरान ने दिया अल्टीमेटम, कहा- ‘हमारा देश पक्का इरादा कर चुका है’

Middle East Conflict: मिडिल-ईस्ट में तनाव जारी है। युद्ध के बीच ईरान ने साफ संकेत दिया है कि वह पीछे हटने के मूड में नहीं है। भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामनेई के ऑफिस के डिप्टी रिप्रेजेंटेटिव डॉ. मोहम्मद हुसैन जियानिया ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनका देश इस संघर्ष में जरूर जीतेगा क्योंकि ईरान ने पक्का इरादा कर लिया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजरायल सिर्फ समय बर्बाद कर रहा है और बेहतर होगा कि वह तेहरान की रखी गई 10 शर्तों को मान ले, ताकि जंग खत्म हो सके। उनके मुताबिक ईरान की जनता और सेना पूरी तरह एकजुट है और सड़कों पर लोग खुलकर सरकार का समर्थन कर रहे हैं।

ईरान हारेगा नहीं… हम जरूर जीतेंगे: हुसैन जियानिया ने कहा

न्यूज एजेंसी ANI के साथ एक खास इंटरव्यू में, डॉ. मोहम्मद हुसैन जियानिया ने कहा कि ईरानी सरकार और आर्मी को लोगों का पूरा सपोर्ट है और यह देश हारेगा नहीं.., हम जरूर जीतेंगे। इसमें कोई झिझक नहीं है क्योंकि हमारा देश पक्का इरादा कर चुका है… इन दिनों ईरान की सड़कों पर जाकर देखिए… हर रात ईरान की सड़कों पर लोग नारे लगा रहे हैं, अपनी सरकार का सपोर्ट कर रहे हैं, आर्मी का सपोर्ट कर रहे हैं। मुझे यकीन है कि दुश्मन अपना समय बर्बाद कर रहा है। उन्होंने आगे कहा, “आज ही युद्ध खत्म करने के लिए उनके लिए इन 10 शर्तों को मान लेना बेहतर है।”

बता दें युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ था, फिर 7 अप्रैल को सीजफायर की घोषणा की गई थी। बाद में इसे बढ़ा दिया गया था।

हमारे सुप्रीम लीडर की शहादत के लिए कौन जिम्मेदार है?

सवाल पूछते हुए हुसैन जियानिया ने कहा कि दुनिया चुप है। यूएन और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठन कोई सख्त कदम नहीं उठा रहे।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर किसी देश के बड़े अधिकारी (सुप्रीम लीडर) पर हमला होता है, तो उसकी जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की जाती। इसका कौन जिम्मेदार है? ईरान ने यह जंग शुरू नहीं की और वह हमेशा से शांति का समर्थक रहा है।

बता दें ईरान ने हाल ही में जंग खत्म करने के लिए 10 बिंदुओं का प्लान भी दिया है, जिसमें इलाके में शांति बहाल करना, होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित बनाना और प्रतिबंध हटाने जैसे कदम शामिल हैं।

वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान कमजोर स्थिति में है और होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए मदद मांग रहा है। इस पूरे मामले पर दोनों देशों के बीच बातचीत अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *