लखनऊ में खराब मौसम के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, कई आने और जाने वाली उड़ानें निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं। बीती रात जेद्दा से लखनऊ आने वाली सउदिया एयरलाइंस की उड़ान (एसवी 892) जो रात 12:40 बजे पहुंचनी थी, वह तड़के 3:35 बजे पहुंची। इसी तरह, मस्कट से तड़के 4 बजे आने वाली सलाम एयर की उड़ान (ओवी 705) गुरुवार सुबह 8:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। दुबई से दोपहर 2 बजे आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 194) दोपहर बाद 3:05 बजे पहुंची। ये उड़ानें भी प्रभावित हुईं मौसम का असर लखनऊ से उड़ान भरने वाले विमानों पर भी पड़ा। रात 2:30 बजे लखनऊ से जेद्दा जाने वाली सउदिया एयरलाइंस की उड़ान (एसवी 893) गुरुवार तड़के 5:05 बजे रवाना हुई। इसी प्रकार, सुबह 4:45 बजे मस्कट जाने वाली सलाम एयर की उड़ान (ओवी 706) सुबह 9:25 बजे उड़ान भर सकी। घरेलू उड़ानों में भी देरी देखी गई। सुबह 7:55 बजे दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 1167) एक घंटा देरी से रवाना हुई। लखनऊ से सुबह 9:10 बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 2146) भी एक घंटा देरी से रवाना हुई। दोपहर 12:55 बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 6006) दोपहर बाद 2 बजे उड़ान भरने की उम्मीद है, जबकि दोपहर बाद 3 बजे दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 2173) शाम 4:05 बजे जाएगी।


