Ahmedabad: गरबा पार्टनर भी किराए पर! 1000 से 2000 रुपए के ऑफर वायरल, साइबर सेल ने शुरू की जांच

Ahmedabad: गरबा पार्टनर भी किराए पर! 1000 से 2000 रुपए के ऑफर वायरल, साइबर सेल ने शुरू की जांच

Ahmedabad. नवरात्रि पर्व को अब कुछ सप्ताह ही शेष हैं, ऐसे में उससे, पहले गुजरात में सोशल मीडिया पर “रेंट ए गरबा पार्टनर” (किराए पर गरबा सहयोगी) के विज्ञापन वायरल हो रहे हैं। इससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। वायरल पोस्ट में सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम श्रेणियों में पैसे लेकर गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के ऑफर दिए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद शहर पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने इस मामले की जांच शुरू की है। इसके साथ ही लोगों को इससे सावधान रहने के लिए भी कहा है। किसी भी अज्ञात अकाउंट्स में पैसे ट्रांसफर न करने की सलाह दी है।

तीन श्रेणियों में पैकेज, एआइ कंटेंट का इस्तेमाल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन विज्ञापनों में 1000 रुपए से लेकर 2000 रुपए तक के रेट कार्ड तय किए गए हैं। सिल्वर श्रेणी में 1000 रुपए में 2 घंटे के लिए पार्टनर। गोल्ड श्रेणी में 1,500 रुपए में 4 घंटे के लिए पार्टनर। प्लेटिनम श्रेणी में 2,000 रुपए में पूरी रात के लिए पार्टनर। उपलब्ध कराने की बात लिखी गई है। पैकेज के साथ गरबा स्टेप्स सिखाने, मैचिंग ड्रेस पहनने और सेल्फी खिंचवाने जैसी सेवाएं भी ऑफर की जा रही हैं। साइबर क्राइम सेल सूत्रों के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) जनरेटेड कंटेंट के जरिए कई हैंडल्स से ऐसे पोस्ट वायरल किए जा रहे हैं।

साइबर पुलिस ने चेताया, कहा-न करें भुगतान, हो सकती है ठगी

अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की उपायुक्त डॉ.लवीना सिन्हा ने सोमवार को लोगों को कहा कि रेंट ए गरबा पार्टनर के वायरल हो रहे पोस्ट की साइबर क्राइम ब्रांच अपने स्तर पर जांच कर रही है। लोग इस प्रकार के दावों के प्रति सतर्क रहें। इसके लिए कोई लिंक या एप भेजे जाने पर उस पर क्लिक करने या वित्तीय लेनदेन करने से बचें। इसमें साइबर धोखाधड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि किसी ने ऐसे पोस्ट के चक्कर में पैसे गंवा दिए हैं, तो वे तुरंत नजदीकी थाने या फिर साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *