‘इतने साल बाद दुनिया उसके कदमों में होगी’ वैभव सूर्यवंशी को लेकर जोस बटलर की बड़ी भविष्यवाणी

‘इतने साल बाद दुनिया उसके कदमों में होगी’ वैभव सूर्यवंशी को लेकर जोस बटलर की बड़ी भविष्यवाणी

IPL 2026 के अपने दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स अहमदाबाद में आज 4 मार्च को गुजरात टाइटन्स से भिड़ने के लिए तैयार है। यह मुकाबला इस सीजन का 9वां मैच है। इस मैच से पहले राजस्थान के पूर्व स्टार और अब गुजरात टाइटन्स के विस्फोटक बल्लेबाज जोस बटलर को 15 साल के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के साथ एक दिल छू लेने वाला पल साझा करते हुए देखा गया। इस दौरान बटलर ने वैभव को लेकर एक बड़ी भविष्‍यवाणी भी की।

राजस्थान रॉयल्‍स की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में बटलर को वैभव सूर्यवंशी से बातचीत करते हुए देखा गया। उन्होंने इस दौरान वैभव की जमकर तारीफ करते हुए उसे इस उम्र में देखा गया, अब तक का सबसे बेहतरीन बल्लेबाज बताया।

‘पूरी दुनिया उसके कदमों में होगी’

बटलर ने कहा कि मैंने कहा था कि उसे ज्‍यादा उत्साहित मत करो, लेकिन वह इस उम्र में अब तक का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी है। जरा सोचिए कि 21 या 25 साल की उम्र में वह कहां होगा, पूरी दुनिया उसके कदमों में होगी। उसे खेलते देखना बहुत शानदार है। तुमने अंडर-19 विश्व कप में अंग्रेजों का दिल तोड़ दिया था। यह बहुत बढ़िया है। तुम बहुत अच्छा खेल रहे हो, इसे जारी रखो। इतनी आजादी के साथ खेलना देखना बहुत कमाल का है।

‘राजस्थान रॉयल्स के साथ बटलर का मजबूत रिश्ता’

बता दें कि बटलर का राजस्थान रॉयल्स के साथ एक मजबूत रिश्ता रहा है। उन्होंने 2018 से 2024 तक इस फ्रैंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया। अपने कार्यकाल के दौरान वह टीम के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक बन गए। उनके नाम टीम के लिए सबसे ज्‍यादा शतक और सबसे ज्‍यादा व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड है। हालांकि, 2025 सीजन से पहले रॉयल्स ने उन्हें रिटेन न करने का फैसला किया और बाद में गुजरात टाइटन्स ने उन्हें 15.75 करोड़ रुपये में खरीद लिया।

जबरदस्त क्षमता का प्रदर्शन कर रहे वैभव सूर्यवंशी

वहीं, वैभव सूर्यवंशी अपने आईपीएल डेब्यू के बाद से ही सबका ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। वह लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं और अपनी जबरदस्त क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। बटलर की यह जोरदार तारीफ इस बात पर मुहर लगाती है कि यह युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी आने वाले सालों में एक बड़ा सितारा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *