गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय को भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यालय से विश्वविद्यालय जिला संस्था के रूप में संबद्धता मिली है। संयुक्त प्रादेशिक संगठन कमिश्नर मयंक शर्मा ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय में रोवर-रेंजर इकाइयों को सक्रिय और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि स्काउट एवं गाइड युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी शिक्षण संस्थानों में रोवर्स एवं रेंजर्स दलों के गठन और उनके नियमित संचालन के निर्देश दिए हैं। कुलपति ने रोवर्स एवं रेंजर्स के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार को पंजीकरण और नवीनीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा प्रादेशिक मुख्यालय की योजनाओं को संबद्ध संस्थानों में प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया। इस कार्यक्रम में सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त बृजेश कुमार, कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी, परीक्षा नियंत्रक अमृतलाल, सहायक कुलसचिव अमित कौशिक और सुनील कुमार सहित कई अन्य अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित थे।


