अयोध्या में किसान की संदिग्ध मौत:धान की नर्सरी के लिए खेत में पानी भरते समय हादसा, रिपोर्ट का इंतजार

अयोध्या में किसान की संदिग्ध मौत:धान की नर्सरी के लिए खेत में पानी भरते समय हादसा, रिपोर्ट का इंतजार

अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में धान की नर्सरी की तैयारी के दौरान एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना मंगलवार रात की है। कुमारगंज थाना क्षेत्र के चौधरीपुर पूरे गोड़वा तिवारी गांव निवासी विनय कुमार उर्फ दुलन दास (मृतक) अपने बड़े भाई शंकर नाथ के साथ खेत में धान की नर्सरी के लिए पानी भरने की तैयारी कर रहे थे। दोनों भाई खेत में पाइप बिछा रहे थे। रात करीब 10:30 बजे विनय कुमार ने अपने भाई शंकर नाथ से कहा कि बिजली आ गई है और वह घर जाकर खाना खा लें, तब तक वह पाइप लगाने का काम पूरा कर लेंगे। इसके बाद शंकर नाथ भोजन करने घर चले गए। कुछ देर बाद जब शंकर नाथ खेत वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि विनय कुमार खेत में लगाए गए झटका वायर में फंसे हुए थे और उनकी गर्दन तार में उलझी थी। शंकर नाथ ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि खेत के पास से एक विद्युत केबल गुजर रही थी, लेकिन वह कहीं से कटी नहीं थी। ऐसे में आशंका है कि किसान की मौत खेत में लगे झटका वायर की चपेट में आने से हुई है। कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक विनय कुमार अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनका पुत्र अयोध्या में पढ़ाई करता है, जबकि पुत्री मां के साथ गांव में रहती है। और पढ़ाई करती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *