डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान बजरी से भरे 2 ट्रेलर और 2 डम्पर जब्त किए गए। सभी वाहनों के ड्राइवरों के पास बजरी परिवहन से संबंधित वैध परमिट या रवन्ना नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, अवैध बजरी खनन और परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत डीडवाना पुलिस थाना टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उप निरीक्षक रामेश्वरलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने नागौर रोड पर जांच के दौरान इन वाहनों को पकड़ा। चालकों के पास परिवहन के लिए आवश्यक दस्तावेज और वैध परमिट नहीं पाए गए। पुलिस ने चारों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा के तहत जब्त कर थाना परिसर के बाहर सुरक्षित खड़ा करवाया है। अवैध बजरी के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए खनिज विभाग नागौर को सूचित कर दिया गया है।


