Sonu Sood On Bhagwant Mann Stray Dogs Order: फिल्मों में हीरो का किरदार निभाने वाले अभिनेता सोनू सूद असल जिंदगी में भी अक्सर लोगों की मदद करते नजर आते हैं। कोरोना काल से लेकर जरूरतमंदों की सहायता तक, सोनू कई बार अपने कामों की वजह से चर्चा में रहे हैं। लेकिन इस बार अभिनेता सड़कों पर रहने वाले बेजुबान जानवरों के लिए खुलकर सामने आए हैं। पंजाब में आवारा कुत्तों को लेकर उठे विवाद के बीच सोनू सूद ने इस मामले पर अपना पक्ष रखा है।
आवारों कुत्तों को लेकर पंजाब सरकार सख्त (Sonu Sood On Bhagwant Mann Stray Dogs Order)
दरअसल पंजाब में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर सरकार सख्त नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सार्वजनिक जगहों से आवारा कुत्तों को हटाने के निर्देश दिए हैं। कई इलाकों में बच्चों और बुजुर्गों पर कुत्तों के हमलों की खबरों के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ा था। इसी मुद्दे पर अब बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने अपनी राय रखी है।
सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सुबह एक खबर देखी जिसमें सड़क पर रहने वाले कुत्तों को हटाने की बात कही गई थी। अभिनेता ने चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि इन जानवरों के साथ आगे क्या होगा। उन्होंने इस पूरे मामले से जुड़े कई वीडियो देखने की बात कही और कहा कि कुछ दृश्य बेहद परेशान करने वाले थे।
अभिनेता ने साफ कहा कि हर आवारा कुत्ता खतरनाक नहीं होता। उनके मुताबिक कुछ इलाकों में ऐसे कुत्ते जरूर होते हैं जो लोगों पर हमला करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सभी जानवरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सोनू ने कहा कि अगर कोई कुत्ता आक्रामक है तो उसके लिए अलग व्यवस्था की जा सकती है, मगर सभी बेजुबान जानवरों को हटाना समाधान नहीं है।
वफादारी कुत्तों में ही देखने मिलती है- सोनू सूद
सोनू सूद ने अपने वीडियो में कुत्तों को वफादार कौम बताया। उन्होंने कहा कि इंसान किताबों में वफादारी लिख सकता है, लेकिन असली वफादारी कुत्तों में ही देखने को मिलती है। अभिनेता ने लोगों से अपील की कि इस फैसले को रोका जाना चाहिए और सरकार को ऐसे जानवरों के लिए शेल्टर होम बनाने चाहिए जहां उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने ये भी बताया कि वह खुद भी कई आवारा कुत्तों को आश्रय दिलाने की कोशिश करते रहते हैं। सोनू ने लोगों से आगे आने और बेजुबान जानवरों की मदद करने की अपील की। सोशल मीडिया पर अभिनेता का यह वीडियो सामने आने के बाद कई लोग उनके समर्थन में उतर आए। कमेंट सेक्शन में फैंस ने दिल वाले इमोजी और तारीफ भरे संदेशों की बाढ़ लगा दी।
पंजाब सरकार के फैसले पर बंटी राय
हालांकि दूसरी तरफ कुछ लोग पंजाब सरकार के फैसले को सही भी बता रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रहे हमलों से आम लोग डरे हुए हैं और बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। ऐसे में सरकार को कोई न कोई कदम उठाना ही पड़ेगा।
फिलहाल ये मुद्दा अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बन चुका है। एक तरफ लोगों की सुरक्षा का सवाल है तो दूसरी तरफ बेजुबान जानवरों के अधिकारों की बहस भी तेज हो गई है।


