सतना जिले की सभापुर थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सहित उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी ने बताया कि यह मामला 1 मई का है। इस दिन 16 वर्षीय एक नाबालिग लड़की रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस को 3 मई को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर नाबालिग को ढूंढ निकाला गया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि छनिहरा निवासी रामकीर्ति कोल (19 वर्ष) ने अपने साथी अनूप कोल (25 वर्ष) की मदद से उसे घर से भगाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत दर्ज मामले में धारा 87, 64(1), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 व 17 का इजाफा किया। इसके बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी रामकीर्ति कोल और उसके सहयोगी अनूप कोल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


