सतना की सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए इन आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। वाहन चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा करने और विस्तृत पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि 2 मई को सिजहटा-कोलगवां निवासी 31 वर्षीय बलवंत कुमार की मोटरसाइकिल (एमपी 19 एनसी 1658) चोरी हो गई थी। यह वारदात देवरा मोड़ के पास से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। मुखबिर की सूचना पर करही बाइपास से पकड़ाए
सोमवार देर शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करही बाइपास पर दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ देखे गए हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके से पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बीड़ी कॉलोनी सोहावल निवासी 19 वर्षीय फरीद खान और सिजहटा कोलगवां निवासी 19 वर्षीय आशू उर्फ छोटू के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ में दूसरी बाइक भी कराई बरामद
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से बलवंत कुमार की चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसके बाद पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की गई एक और मोटरसाइकिल की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर मंगलवार को दूसरी मोटरसाइकिल (एमपी 19 एमएन 1699) भी बरामद कर ली गई। अन्य बदमाशों की भूमिका की होगी जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इन दोनों युवकों की संलिप्तता शहर की कुछ अन्य वाहन चोरी की वारदातों में भी मिली है। इसके अलावा इस गिरोह में कुछ अन्य बदमाशों की भूमिका भी सामने आई है। इन तथ्यों की पुष्टि के लिए मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड मंजूर कराई है।


