IPL 2026 SRH vs DC: हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अभिषेक शर्मा शुरू से लेकर अंत तक नाबाद रहे और आईपीएल इतिहास की 5वीं सबसे बड़ी पारी खेल डाली।
Abhishek Sharma Hundred in IPL 2026: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दिल्ली के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए आईपीएल इतिहास की 5वीं सबसे बड़ी पारी खेल डाली। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अभिषेक ने नााद 135 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल थे। उनके शतक की बदौलत SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 242 रन बनाए।
SRH को मिली धमाकेदार शुरुआत
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 8.5 ओवर में 97 रन जोड़े। हेड 26 गेंदों का सामना करने के बाद 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 142 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 2 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके बाद कप्तान ईशान किशन के रूप में अभिषेक को एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला।
अभिषेक और ईशान ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए महज 35 गेंदों में 79 रन जोड़े। ईशान ने 13 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए। हालांकि, एसआरएच के कप्तान रनआउट होकर पवेलियन लौटे। अभिषेक ने एक छोर संभाले रखा और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
अभिषेक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए। 198 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अभिषेक ने अपनी इस पारी में 10 चौके और 10 छक्के लगाए। वहीं, हेनरिक क्लासेन ने महज 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। अभिषेक-क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 66 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। डीसी की तरफ से इकलौता विकेट अक्षर पटेल ने लिया।
Sports – Patrika | CMS




