कोटा में बाजार के बीच कचरा गाड़ी में लगी आग:धुआं उठते ही साथ बैठे बच्चे को लेकर भागा ड्राइवर, कॉन्स्टेबल ने सूझबूझ से काबू पाया

कोटा में बाजार के बीच कचरा गाड़ी में लगी आग:धुआं उठते ही साथ बैठे बच्चे को लेकर भागा ड्राइवर, कॉन्स्टेबल ने सूझबूझ से काबू पाया

कोटा के श्रीपुरा इलाके में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सुंदर धर्मशाला के पीछे भीड़भाड़ वाले मार्केट क्षेत्र में चल रही कचरे की टिप्पर गाड़ी में अचानक आग लग गई। गाड़ी चलते समय पहले धुआं उठने लगा और देखते ही देखते इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं। बाजार क्षेत्र होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान मौके से गुजर रहे कॉन्स्टेबल प्रकाश चौधरी की नजर आग लगी गाड़ी पर पड़ी। गाड़ी का ड्राइवर धुआं उठते ही बाहर निकल गया था। उसके साथ एक बच्चा भी मौजूद था। हालांकि मौके पर मौजूद लोग केवल मोबाइल से वीडियो बना रहे थे, लेकिन आग बुझाने का कोई प्रयास नहीं कर रहा था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए कॉन्स्टेबल प्रकाश चौधरी तुरंत पास की एक दुकान में गए और वहां रखा फायर सेफ्टी सिलेंडर उठाकर लाए। उन्होंने बिना समय गंवाए गाड़ी के इंजन से उठ रही आग पर सिलेंडर का छिड़काव किया, जिससे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद आसपास के दुकानदारों और ड्राइवर ने भी पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाया। घटना के दौरान गाड़ी से काफी धुआं निकल रहा था, लेकिन कॉन्स्टेबल की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने उनकी सराहना करते हुए कहा- अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो भीड़भाड़ वाले इलाके में बड़ा नुकसान हो सकता था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *