सतना में डेंगू से 30 वर्षीय राजेश बुनकर की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग को जांच रिपोर्ट नहीं देने का मामला सामने आया है। मलेरिया विभाग के मुताबिक, राजेश और उनकी पत्नी प्रियंका की एंटीजन जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी, लेकिन दोनों पैथोलॉजी ने इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी। सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने विद्या पैथोलॉजी और सेंट्रल पैथोलॉजी के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दोनों की जांच रिपोर्ट आई थी पॉजिटिव मलेरिया विभाग के अनुसार, राजेश की जांच विद्या पैथोलॉजी में हुई थी, जबकि उनकी पत्नी प्रियंका की जांच सेंट्रल पैथोलॉजी में कराई गई थी। दोनों की एंटीजन जांच में डेंगू की पुष्टि हुई, लेकिन लैब से स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना नहीं मिली। नियम के मुताबिक, डेंगू पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तुरंत आईएचआई पोर्टल पर अपलोड करना जरूरी है। सीएमएचओ ने कहा कि नोटिस के जवाब के आधार पर दोनों लैब के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुणे से लौटने के बाद बिगड़ी थी तबीयत सिद्धार्थ नगर निवासी राजेश 29 अक्टूबर को पत्नी प्रियंका और छोटे भाई अजय के साथ पुणे से सतना लौटे थे। इसके बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने जांच कराई तो राजेश और प्रियंका डेंगू पॉजिटिव मिले। परिजनों के मुताबिक, राजेश का जिला अस्पताल में तीन दिन तक इलाज चला। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक नवंबर को मेडिकल कॉलेज रीवा ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। प्रियंका सात माह की गर्भवती हैं और फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। घर और आसपास नहीं मिले डेंगू के लार्वा राजेश की मौत के बाद मलेरिया विभाग की छह सदस्यीय टीम सिद्धार्थ नगर स्थित उनके घर पहुंची। टीम ने परिवार से जानकारी ली और घर व आसपास जांच की। इस दौरान डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा नहीं मिले। एहतियात के तौर पर नाली में टेमीफास और घर के अंदर पैराथ्राम का छिड़काव कराया गया। तीन नवंबर को परिवार के पांच सदस्यों के एलाइजा टेस्ट के लिए ब्लड सैंपल लेने की तैयारी है। सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि डेंगू सहित संक्रामक बीमारियों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को देना जरूरी है। दोनों लैब की ओर से इस मामले में लापरवाही हुई है। संचालकों से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

