यूनाइटेड किंगडम (UK) में 4 साल की बच्ची और उसकी मां को गाड़ी से कुचलने के दोषी 2 पंजाबी युवकों को 28 साल कैद की सजा सुनाई गई है। युवकों ने साल 2023 में बच्ची को स्कूल छोड़ने जा रही मां और बच्ची दोनों को कुचल दिया था। दोनों युवक अपनी-अपनी ऑडी और BMW कारों से रेस लगा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। युवक मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस में जांच के बाद दोनों को काबू कर लिया। 2 साल चले कोर्ट ट्रायल के बाद लीड्स क्राउन कोर्ट ने दोनों को दोषी बताते हुए हरदीप भचू (29) को 12 साल और जसकमल रियात (37) को 16 साल की सख्त सजा सुनाई है। इसके अलावा दोनों दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस पर 6-6 साल का प्रतिबंध लगाया गया है। जेल से बाहर आने के बाद उन्हें दोबारा ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए कठिन एक्सटेंडेड ड्राइविंग टेस्ट पास करना होगा। 16 जनवरी 2023 को हुआ था हादसा UK की यॉर्कशायर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी 2023 की सुबह लगभग साढ़े 8 बजे 27 वर्षीय पोलिश महिला जुस्तीना हुलबॉय अपनी 4 साल की बेटी लीना चेपचोर को पैदल स्कूल छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान लीड्स में एडेल के ग्रांट रोड का रहने वाला हरदीप भचू अपनी तेज रफ्तार ऑडी कार से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे पैदल चल रही मां-बेटी को रौंदते हुए पास ही स्थित वर्टु जगुआर कार डीलरशिप की दीवार से जा टकराई। इस हादसे में मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैफिक सिग्नल पर दी थी 560 हॉर्सपावर की चुनौती वेस्ट यॉर्कशायर पुलिस की मेजर कोलिजन इंक्वायरी टीम की जांच और डैशकैम फुटेज से खुलासा हुआ कि हादसा किसी साधारण लापरवाही का नतीजा नहीं था। हादसे से ठीक पहले हरदीप भचू और लीड्स में ही मूरटाउन के बकस्टोन एवेन्यू में रहने वाला जसकमल रियात अपनी लग्जरी गाड़ियों की रेस लगा रहे थे। हरदीप की गाड़ी के डैशकैम ऑडियो में दोनों को रेड लाइट पर बात करते हुए सुना गया, जहां हरदीप शेखी बघार रहा था कि उसकी ऑडी कार में 560 हॉर्सपावर का इंजन है और वह तो अभी गाड़ी को सिर्फ एक-चौथाई एक्सीलेटर पर ही चला रहा था। हादसे के बाद जसकमल रियात अपनी BMW 135i लेकर मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने उसी शाम गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने सुनाई 12 और 16 साल की सख्त सजा लीड्स क्राउन कोर्ट में हरदीप भचू ने जून 2024 में ही खतरनाक ड्राइविंग से दो मौतों का गुनाह कबूल कर लिया था। लंबी सुनवाई के बाद उसे 12 साल की जेल की सजा सुनाई गई। जबकि, घटना से इनकार करने वाले जसकमल रियात को अदालत ने मुकदमे के बाद दोषी ठहराते हुए 16 साल की सख्त जेल की सजा सुनाई। इसके अलावा दोनों दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस पर 6-6 साल का प्रतिबंध लगाया गया है और जेल से बाहर आने के बाद उन्हें दोबारा ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए कठिन एक्सटेंडेड ड्राइविंग टेस्ट पास करना होगा। वहीं, UK के खतरनाक ड्राइविंग से मौत के नियमों के तहत, दोनों दोषियों को अपनी कुल सजा का कम से कम दो-तिहाई हिस्सा जेल में बिताना होगा, जिसके बाद ही वे पेरोल पर रिहाई के पात्र हो सकेंगे। फैसला देते हुए जज ने ये बातें कहीं बच्ची का पिता बोला- मेरा संसार ढह गया हादसे में अपनी मंगेतर और 4 साल की बेटी को खोने वाले पीड़ित पिता ने अदालत में अपना दर्द बताते हुए कहा- 16 जनवरी 2023 से पहले मेरी जिंदगी मेरे सपनों की तरह हसीन थी। मेरे पास अच्छी नौकरी, प्यारी मंगेतर जुस्तीना और एक बेहद खूबसूरत बेटी लीना थी। उन्होंने कहा- 16 जनवरी की सुबह जब मैंने उन्हें आई लव यू कहकर अलविदा कहा, तो मुझे अंदाजा भी नहीं था कि मैं उन्हें आखिरी बार देख रहा हूं। जब मुझे उनकी मौत की खबर मिली, तो एक सेकेंड में मेरी पूरी दुनिया तबाह हो गई। मेरी आंखों के सामने से 2 सबसे अहम इंसान छीन लिए गए, यह भयानक सपना अब ताउम्र मेरे साथ रहेगा। इंस्पेक्टर ने कहा- शेखी बघार रहे थे दोषी मामले की जांच करने वाले वेस्ट यॉर्कशायर पुलिस के डिटेक्टिव इंस्पेक्टर पॉल कॉनरॉय ने कहा कि यह एक बेहद खौफनाक हादसा था। इन दो लोगों की स्वार्थी और लापरवाह हरकतों की वजह से दो जानें चली गईं। भचू और रियात एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे। वे एक व्यस्त सड़क पर बस अपनी तेज रफ्तार गाड़ियों का प्रदर्शन और शेखी बघार रहे थे। उन्होंने कहा कि भचू को लगता था कि वह इतनी तेज रफ्तार में अपनी गाड़ी को संभाल लेगा, लेकिन वह असफल रहा। रियात ने इस हादसे को अपनी आंखों से देखा, लेकिन घायलों की मदद करने के लिए रुकने के बजाय वह मौके से भाग गया। उसने अपनी संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन जनता द्वारा दी गई सीसीटीवी और डैशकैम फुटेज की मदद से उसका जुर्म साबित हुआ।

