दतिया में उनाव से खाना खाकर बाइक से घर लौट रहे दंपती को कट्टा अड़ाकर लूटने के मामले में दुरसड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब एक महीने पहले बुहारा गांव के पास हुई इस वारदात में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया बीजासेन का पेंडल और रियलमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। हालांकि, महिला का मंगलसूत्र अब तक नहीं मिला है। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं। बाइक रुकवाकर कट्टा अड़ाया, जेवर और मोबाइल लूटा पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे फरियादी अपनी पत्नी के साथ उनाव में खाना खाकर मोटरसाइकिल से ग्राम मलियापुरा लौट रहा था। बुहारा गांव के पास बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाई और दंपती पर कट्टा तान दिया। इसके बाद बदमाश बीजासेन का पेंडल, मंगलसूत्र और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर दुरसड़ा थाने में लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने ग्राम ऊंचिया निवासी 21 वर्षीय राज कमरिया पिता सुरेश कमरिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लूटा गया पेंडल और रियलमी कंपनी का मोबाइल बरामद कर लिया गया है। दो आरोपी फरार, मंगलसूत्र की तलाश जारी थाना प्रभारी नंदनी शर्मा ने बताया कि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस लूटे गए मंगलसूत्र की बरामदगी के लिए भी तलाश कर रही है।

