Shrikant Bharatiya On Dia Mirza BMC Diwali Campaign Controversy: मुंबई में बढ़ते प्रदूषण और बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद BMC द्वारा चलाए गए ‘प्रदूषण मुक्त दिवाली’ जागरूकता अभियान ने राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। इस अभियान में अभिनेत्री दीया मिर्जा (Dia Mirza) को शामिल किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ी आपत्ति जताई थी और आलोचनाओं के बाद बीएमसी को आखिर में अभिनेत्री वाला वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाना पड़ा। इस पूरे विवाद के बीच अब बीजेपी एमएलसी श्रीकांत भारतीय का एक तीखा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अभिनेत्री दीया मिर्जा और इस कैंपेन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। आइये जानते हैं पूरा मामला…
दीया मिर्जा विवाद पर क्या बोले श्रीकांत भारतीय?
बीजेपी एमएलसी श्रीकांत भारतीय ने IANS से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दीया मिर्जा के अभियान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए और यह सोचना चाहिए कि वह किस समुदाय से ताल्लुक रखती हैं। श्रीकांत भारतीय ने साफ किया कि वह किसी भी समुदाय, धर्म या उपासना पद्धति के विरोध में नहीं हैं, लेकिन जिस समुदाय का प्रतिनिधित्व वह करती हैं, वहां क्या चल रहा है, उन्हें इस पर एक बार आत्म-चिंतन जरूर करना चाहिए।
श्रीकांत भारतीय ने आगे कड़े शब्दों में कहा, “इस देश की जनता को अच्छी तरह पता है कि दिवाली का त्योहार कैसे मनाया जाना चाहिए और इसके लिए किसी बाहरी उपदेश की आवश्यकता नहीं है। भारत में हिंदू समाज और लोग सदियों से पर्यावरण को लेकर जागरूक रहे हैं और पर्यावरण की चिंता करना उनके लिए कोई नई बात नहीं है। पटाखे कहां और कैसे उड़ाए जाने चाहिए, यह बात दीया मिर्जा को देशवासियों को समझाने की कोई जरूरत नहीं है।
BMC के विज्ञापन से वीडियो हटाने के बाद गरमाई सियासत
बता दें, बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए बीएमसी ने नागरिकों से अपील की थी कि वह पर्यावरण के अनुकूल और प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाएं। इस जागरूकता अभियान के लिए नगर निकाय ने माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और दीया मिर्जा जैसी मशहूर हस्तियों के वीडियो संदेश रिकॉर्ड करवाए थे।
हालांकि, मुंबई बीजेपी प्रमुख अमित सातम ने इस अभियान में दीया मिर्जा को शामिल किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। सातम ने कहा था कि दीया मिर्जा के नाम में खुद ‘दीया’ है और दिवाली रोशनी का त्योहार है, लेकिन मुंबईकरों को त्योहार मनाने के तौर-तरीके सिखाने की जरूरत नहीं है। बढ़ते राजनीतिक विरोध और विवाद के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा वाला वीडियो हटा दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भी इस पर तीखी बहस छिड़ गई है और लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।


