मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 3 से 6 नवंबर तक चार दिवसीय चंबा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न प्रोजेक्ट के उद्घाटन व शिलान्यास और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। चंबा दौरे के दौरान ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री तीन दिन गांवों में लोगों के घर रात्रि ठहराव करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री 3 नवंबर को सुबह 10 बजे शिमला के अनाडेल हेलीपैड से कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट जाएंगे। यहां ईंधन भरवाने के बाद मुख्यमंत्री चौवाड़ी पहुंचेंगे। चौगान में विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में दोपहर का भोजन करेंगे। शाम 5:15 बजे मुख्यमंत्री चौवाड़ी से सड़क मार्ग से चामला के मेला मैदान पहुंचेंगे। यहां ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से बातचीत करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री घाटासनी गांव में रात्रि ठहराव करेंगे। 4 नवंबर को तीसा और बैरागढ़ में कार्यक्रम मुख्यमंत्री 4 नवंबर को सुबह घाटासनी से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ककिरा पहुंचेंगे। यहां विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से भंजराड़ू पहुंचेंगे। यहां चुराह कला मंच में विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास और जनसभा का कार्यक्रम है। दोपहर का भोजन तीसा स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री बैरागढ़ के देहग्रां गांव के मेला मैदान में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से संवाद करेंगे। इसके बाद देहग्रां गांव में रात्रि ठहराव करेंगे। 5 नवंबर को एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे मुख्यमंत्री 5 नवंबर को तीसा स्थित पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। इसके साथ ही एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद भंजराड़ू से हेलिकॉप्टर के जरिए करियां पहुंचेंगे। लायल कोठी के जीडीसी मैदान में विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर का भोजन लायल कोठी स्थित वन विभाग के सामुदायिक केंद्र में करेंगे। शाम को मेहला गांव में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री रात को मेहला गांव में ही रुकेंगे। 6 नवंबर को शिमला लौटेंगे मुख्यमंत्री 6 नवंबर को सुबह मेहला स्थित राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद करियां हेलीपैड से हेलिकॉप्टर के जरिए कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां ईंधन भरवाने के बाद अनाडेल हेलीपैड शिमला लौटेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1 बजे ओक ओवर पहुंचेंगे।

