भोपाल के अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि मामलों पर संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 12 के पार्षद देवेंद्र भार्गव बने आज के ‘पब्लिक स्टार’ नारियलखेड़ा स्थित वार्ड 12 की एलआईजी कॉलोनी में पुलिस चौकी के पीछे बारिश का पानी जमा होने और गंदगी फैलने की शिकायत मनोज धनवारे ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान यहां पानी भर जाता है, जिससे रास्ते पर गंदगी फैलने के साथ ही लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। शिकायत भास्कर समाधान पर पोस्ट होने के बाद वार्ड 12 के पार्षद देवेंद्र भार्गव ने मामले पर संज्ञान लिया और समस्या का समाधान कराया। यहां जमा पानी और गंदगी की सफाई कराई गई, जिससे रहवासियों को राहत मिली। एप से मिल रहा लोगों को समाधान नंदा नगर: खराब सड़क और बंद स्ट्रीट लाइट की समस्या दूर बैरागढ़ के संत नगर स्थित कैलाश नगर मेन रोड पर सड़क खराब होने, स्ट्रीट लाइट बंद रहने और नाली का गंदा पानी जमा होने की शिकायत नंदा नगर निवासी ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सीटीओ बैरागढ़ के पास स्थित इस रास्ते की सड़क लंबे समय से खराब थी। स्ट्रीट लाइट भी कई दिनों से बंद थी। सड़क पर नाली का गंदा पानी जमा होने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था। शिकायत भास्कर समाधान पर पोस्ट होने के बाद जोन-20 के उपस्वच्छता पर्यवेक्षक सचिन ठाकुर ने मामले पर कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया। सड़क, नाली और सार्वजनिक शौचालय की सफाई से जुड़ी समस्याएं बरकरार साजिदा नगर: एसडीएम कार्यालय के सार्वजनिक शौचालय में गंदगी, लोग परेशान सुल्तानिया रोड स्थित साजिदा नगर, कोहेफिजा क्षेत्र में कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित एसडीएम कार्यालय के सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर राजेश सैनी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शौचालय की हालत इतनी खराब है कि यहां आने-जाने वाले लोगों को इसका उपयोग करने में परेशानी होती है। शिकायतकर्ता के अनुसार, शौचालय में गंदगी फैली हुई है और इसकी सफाई पर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं है। वार्ड 8: खुदाई के बाद VIP रोड के चौराहे पर गड्ढे, हादसे का खतरा वार्ड 8 स्थित VIP रोड के खजूरगांव चौराहे पर JCB से खुदाई किए जाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने की शिकायत कमाल खान ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि खुदाई के बाद चौराहे पर बड़े-बड़े गड्ढे और उबड़-खाबड़ स्थिति बनी हुई है। पहले से ढलान होने के कारण यहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक संतुलन बिगड़ने से आए दिन गिर रहे हैं। बैरागढ़: सड़क निर्माण के बाद बीच रास्ते में छोड़ा मलबा और कचरा बैरागढ़ क्षेत्र में सड़क निर्माण के बाद निकला मलबा और कचरा सड़क के बीच में ही छोड़ दिए जाने की शिकायत अविरल बाबानी ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सड़क बनाने के बाद निर्माण से निकले मलबे और कचरे को रास्ते से हटाने के बजाय बीच में ही छोड़ दिया गया है। तिराहे के बीच में मलबा जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटना होने का खतरा भी बना हुआ है। शाहपुरा: नाली की सफाई नहीं, सीवेज लाइन के बाद सड़क भी नहीं बनी अरेरा कॉलोनी के भारत नगर रोड स्थित धन्वंतरी परिसर, ई-7 में शिव मंदिर के पीछे नाली की सफाई नहीं होने और सड़क निर्माण अधूरा रहने की शिकायत अंबिका यादव ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि यहां कई दिनों से नाली की सफाई नहीं हुई है। सीवेज लाइन डालने के बाद सड़क का निर्माण भी नहीं कराया गया, जिससे पूरे रास्ते पर कीचड़ फैल रहा है। नाली का कचरा और गंदगी सड़क पर आ रही है। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी एप पर अपडेट भी कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर एप के जरिए शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और समस्याओं के समाधान में तेजी आए।

