बरेली के संतोष साहू हत्याकांड में तीसरा आरोपी अरेस्ट:झुमका तिराहे से पकड़ा, 6 नामजद में से 3 जेल भेजे गए, 3 फरार

बरेली के संतोष साहू हत्याकांड में तीसरा आरोपी अरेस्ट:झुमका तिराहे से पकड़ा, 6 नामजद में से 3 जेल भेजे गए, 3 फरार

बरेली के सीबीगंज स्थित मथुरापुर में संतोष साहू हत्याकांड में पुलिस ने तीसरे आरोपी करन को गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को झुमका तिराहे से पकड़ा गया। इससे पहले पुलिस विनोद और मदनलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। छह नामजद आरोपियों में अब तक तीन की गिरफ्तारी हुई है। मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला समेत तीन आरोपी फरार हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने ललित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय मारी थी गोली मथुरापुर गांव निवासी 37 वर्षीय संतोष कुमार साहू परसाखेड़ा की प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते थे। 27 अक्टूबर की रात वह गांव में धार्मिक कार्यक्रम और दावत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्गा माता मंदिर के पास हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। एक गोली आंख के पास से सिर में लगी, जबकि दूसरी हाथ को छूकर निकल गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में श्री राममूर्ति अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने सिर में फंसी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया, लेकिन इलाज के दौरान संतोष की मौत हो गई। पुराना मुकदमा वापस न लेने पर हत्या का आरोप परिजनों के मुताबिक, पुराना मुकदमा वापस न लेने की रंजिश में संतोष की हत्या की गई। घटना के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिवार नाराज मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला की गिरफ्तारी न होने से संतोष का परिवार नाराज है। शनिवार को उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य सीबीगंज थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। संतोष की पत्नी का आरोप है कि पुलिस को ललित के अदालत में आत्मसमर्पण की तैयारी की जानकारी है, फिर भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। ललित के अलावा दो अन्य आरोपी भी फरार हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *