केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। उनका यह दौरा चंडीगढ़ के नगर निगम चुनाव और पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहा है। इसलिए इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। इससे पहले वह 4 अगस्त 2024 को चंडीगढ़ आए थे। तब उन्होंने 75 करोड़ रुपए की लागत से मनीमाजरा में 24 घंटे जलापूर्ति परियोजना का उद्घाटन किया था। हालांकि, यह प्रोजेक्ट सफल नहीं रहा था। गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। वहीं, कई रूटों पर ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया है। चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल गृहमंत्री अमित शाह कल वीरवार देर शाम ही चंडीगढ़ पहुंच गए थे और वह रात को पंचकूला में रुके थे। पंचकूला से सुबह करीब 10:20 बजे वह सीधे चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां पर वह चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पर वह करीब 2 घंटे 20 मिनट तक रुकेंगे। इस दौरान वह चंडीगढ़ पुलिस को मिले प्रेसिडेंट पुलिस कलर अवॉर्ड सौंपेंगे। इसके अलावा पुलिस को मिलने वाले 144 टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 258 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास गृह मंत्री पुलिस लाइन से करीब 1:45 बजे सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क पहुंचेंगे। यहां से वह 258 करोड़ की लागत के प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यहां पर उनकी एक जनसभा भी रखी गई है, जिसमें करीब 5000 लोग मौजूद रहेंगे। इन रास्तों पर ट्रैफिक रहेगा बाधित सुबह 9:30 से शाम 4 बजे तक मध्य मार्ग पर फन रिपब्लिक लाइट पॉइंट से मटका चौक तक यातायात नियंत्रित रहेगा। सेक्टर-16/17 लाइट पॉइंट से सेक्टर-17 के तिरंगा पार्क तक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी। रेलवे लाइट पॉइंट से पुलिस लाइन के पीछे वाले लाइट पॉइंट होते हुए शास्त्री नगर लाइट पॉइंट और सेक्टर-26 पुलिस लाइन तक यातायात प्रभावित रहेगा। सेक्टर-26 पुलिस लाइन से सेंट कबीर लाइट पॉइंट, किशनगढ़ टर्न, सेक्टर-5/6-7/8 चौक (हीरा सिंह चौक) और सेक्टर-7/8-18/19 चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा। पूर्व मार्ग पर ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट से ट्रिब्यून चौक और दक्षिण मार्ग पर ट्रिब्यून चौक से एयरपोर्ट लाइट पॉइंट तक यातायात प्रभावित रहेगा।

