पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। उनकी पांच बकरियां भी ट्रेन से कटकर मर गईं। बीसलपुर नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में पांच नंबर भट्ठी के पास रहने वाले राजकुमार उर्फ पप्पू की 45 वर्षीय पत्नी गोमती देवी बकरियां चराने गांव कासिमपुर के पास बड़ी पुलिया के नजदीक रेलवे लाइन किनारे गई थीं। शाम करीब 6:30 बजे शाहजहांपुर से पीलीभीत जा रही ट्रेन वहां से गुजरी। बताया गया कि गोमती देवी रेलवे लाइन के पास बैठी थीं और ट्रेन की चपेट में आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। खेतों में काम कर रहे लोगों ने घटना देखी और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन वहां पहुंचे। गोमती देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बताया गया कि बेटा सबसे बड़ा है और दिव्यांग है। थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

