शादी का झांसा देकर युवक ने महिला का शोषण किया:शाहजहांपुर में कई महीने तक बनाए शारीरिक संबंध, मारपीट और धमकी का आरोप; FIR

शादी का झांसा देकर युवक ने महिला का शोषण किया:शाहजहांपुर में कई महीने तक बनाए शारीरिक संबंध, मारपीट और धमकी का आरोप; FIR

शाहजहांपुर में पति से विवाद के बाद एक युवक ने महिला से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर कई महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शादी की बात कहने पर युवक ने महिला को थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला ने एफआईआर में बताया कि करीब दो साल पहले विपनेश नाम के युवक का उसके मोबाइल पर फोन आया था। उसने महिला से उसके मोहल्ले और पति से विवाद के बारे में पूछा। इसके बाद शादी का प्रस्ताव दिया।
महिला के मुताबिक, विपनेश ने जरूरी बात करने के लिए उसे बरेली मोड़ पर बुलाया। 1 अप्रैल को वहां पहुंचने के बाद वह उसे ददरौल मोड़ से सैसना गांव के पास एक खाली मकान में ले गया। आरोप है कि वहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने बताया कि बाद में विपनेश उसे चारखंभा स्थित अपने किराये के मकान में ले गया। वहां लिखापढ़ी करने की बात कहकर उसने फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला के मुताबिक, इसके बाद युवक अभद्रता करने लगा। शादी के लिए बार-बार कहने पर उसने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला को मकान में विपनेश का आधार कार्ड मिला। उसके मुताबिक, कार्ड पर विपनेश वाजपेयी का पता हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के सेहरामऊ गांव का दर्ज है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *