जबलपुर में Jabalpur Police ने पकड़ा 4.35 करोड़ का गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

जबलपुर में Jabalpur Police ने पकड़ा 4.35 करोड़ का गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में पुलिस ने एक कंटेनर से करीब 4.35 करोड़ रुपये मूल्य का 871 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त कर उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि अपराध शाखा और गोसलपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मुस्करा मोड़ के पास गश्त के दौरान तेज रफ्तार से जा रहे एक कंटेनर को संदेह के आधार पर रोकने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने कंटेनर का पीछा किया और मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया। इस दौरान कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी धर्मवीर सिंह (45) और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी विक्रम करमाकर (24) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें रखे पेंट के 412 डिब्बों के बीच 28 बोरियों में छिपाकर रखा गया 871.95 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब चार करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित स्वापक पदार्थ निरोधक इकाई की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर गांजे की खेप लेकर मैहर जा रहे थे। पुलिस ने कहा, ‘‘आरोपियों ने यह भी बताया कि वे इससे पहले भी साहू के कहने पर मध्यप्रदेश में गांजे की खेप पहुंचा चुके हैं। प्रत्येक खेप पहुंचाने के लिए उन्हें एक लाख रुपये मिलते थे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *