भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे तरनतारन जिले के खालड़ा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान गांव डलीरी के खेतों से एक सर्बिया निर्मित 7.62 एमएम की पिस्तौल और दो खाली मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पीले रंग की टेप से लिपटा मिला था पैकेट थाना खालड़ा की सब-इंस्पेक्टर (SI) आरजू कंबोज ने बताया कि बीएसएफ की 115वीं बटालियन की बीओपी (BOP) बाबा पीर के कंपनी कमांडर एल.एस. शर्मा को खेतों में एक संदिग्ध पैकेट पड़ा होने की सूचना मिली थी, जो पीले रंग की टेप से अच्छी तरह लिपटा हुआ था। सूचना मिलते ही बीएसएफ और खालड़ा पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जब पैकेट खोला, तो उसमें से विदेशी तकनीक की सर्बिया निर्मित पिस्तौल और दो खाली मैगजीन बरामद हुईं। विदेशी हथियार मिलने पर पुलिस ने दर्ज किया मामला बीएसएफ अधिकारियों ने जब्त हथियार और मैगजीन को कानूनी कार्रवाई के लिए थाना खालड़ा पुलिस के हवाले कर दिया है। एसआई आरजू कंबोज के अनुसार, पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा नंबर 318 दर्ज किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट (धारा 25/54/59) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 25, 26 व 29 के तहत की गई है। पाकिस्तान से हथियारों की खेप आने का शक
पुलिस शुरुआती जांच में आशंका जता रही है कि यह हथियार और मैगजीन ड्रोन के माध्यम से या सीमा पार से पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में भेजे गए हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की पुष्टि और हथियारों की इस अवैध तस्करी से जुड़े भारतीय संपर्कों (तस्करों) की पहचान करने के लिए गहनता से जांच में जुटी है।

