सहारनपुर के संभागीय परिवहन कार्यालय में शनिवार सुबह 10 बजे परिवहन मेले की शुरुआत हुई। कमिश्नर डॉ. रूपेश सिंह और संभागीय परिवहन अधिकारी शंकर सिंह ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। यहां वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स की पेनाल्टी में अधिकतम छूट और परिवहन विभाग की कई सेवाएं एक ही जगह दी गईं। बड़ी संख्या में वाहन स्वामी, ट्रांसपोर्टर और आम लोग मेले में पहुंचे। मेले का उद्देश्य बकाया वाहन टैक्स जमा कराना और वाहन स्वामियों को आर्थिक राहत देना था। इसके लिए विशेष काउंटर लगाया गया। उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान नियमावली-1998 के नियम-24 के तहत बकाया कर की पेनाल्टी में छूट दी गई। भुगतान के लिए ऑनलाइन यूपीआई, पीओएस और नकद की सुविधा भी थी। संभागीय परिवहन अधिकारी शंकर सिंह ने बताया कि नए वाहनों के पंजीयन, फिटनेस और परमिट के नवीनीकरण, नए परमिट के आवेदन, वाहन ट्रांसफर और वाहन निरस्तीकरण के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए। नागरिक सहायता काउंटर पर ड्राइविंग लाइसेंस में नाम बदलने, ऑनलाइन समस्याओं और एचएसआरपी नंबर प्लेट से जुड़ी जानकारी दी गई। एक अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। स्क्रैपेज काउंटर पर पुराने और तय आयु पूरी कर चुके वाहनों को अधिकृत स्क्रैप सेंटर में स्क्रैप कराने की जानकारी दी गई। शंकर सिंह ने बताया कि स्क्रैप प्रमाणपत्र (COD) के आधार पर नया वाहन खरीदने पर नियमों के अनुसार सरकारी रियायत मिल सकती है। मेले में एनसीआर में प्रदूषण कम करने के लिए लागू परिवर्तन योजना की जानकारी भी दी गई। इसके तहत पुराने व्यावसायिक वाहनों की जगह नए बीएस-6, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर वित्तीय लाभ देने का प्रावधान है। शंकर सिंह के मुताबिक, मेले में सैकड़ों वाहन स्वामियों ने बकाया टैक्स और पेनाल्टी जमा कराई। अगले महीने के अंतिम शुक्रवार को भी परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने और परिवहन से जुड़ी समस्याओं के लिए अधिकारियों से सीधे संपर्क करने की अपील की।

