‘अंडरवर्ल्ड ने हमें अलग कराया’, पत्नी से तलाक लेकर 7 साल बाद फिर संजय गुप्ता ने किया था प्रपोज, इंटरव्यू में बताई थी पूरी कहानी

‘अंडरवर्ल्ड ने हमें अलग कराया’, पत्नी से तलाक लेकर 7 साल बाद फिर संजय गुप्ता ने किया था प्रपोज, इंटरव्यू में बताई थी पूरी कहानी

Sanjay Gupta Wife: फिल्ममेकर संजय गुप्ता अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे किस्से हैं, जो उनके निधन के बाद चर्चा में हैं। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए पहचाने जाने वाले संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर को मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रात में गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। वह 57 साल के थे। उनके पीछे पत्नी अनुराधा यानी अनु लेखी गुप्ता और दो बच्चे हैं।

संजय गुप्ता की निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। उन्होंने 18 अगस्त 1997 को अनु लेखी से शादी की थी। दोनों करीब ढाई साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी के बंधन में बंधे थे। हालांकि, कुछ साल बाद उनके रिश्ते में दूरियां आ गईं और 2003 में दोनों का तलाक हो गया। लेकिन अलग होने के बावजूद संजय अनु को भुला नहीं पाए। करीब छह साल बाद दोनों ने दोबारा शादी कर ली।

अंडरवर्ल्ड से जुड़े मामले ने बढ़ाई रिश्ते में गलतफहमी

लेखक हुसैन जैदी के यूट्यूब चैनल पर दिए अपने आखिरी इंटरव्यू में संजय गुप्ता ने पहली शादी टूटने की एक बड़ी वजह बताई थी। उन्होंने कहा था कि अंडरवर्ल्ड से जुड़े एक मामले के कारण उन्हें कुछ बातें अपनी पत्नी से छिपानी पड़ी थीं। संजय के मुताबिक, एक गलतफहमी दूर करने के लिए उन्हें कुछ लोगों से लगातार बातचीत करनी पड़ रही थी। इस दौरान एक दोस्त ने उन्हें खाली फ्लैट दिया था, जहां वह फोन कॉल का इंतजार करते और संबंधित व्यक्ति से बात करते थे।

यह सिलसिला करीब चार-पांच महीने तक चला। संजय अपनी पत्नी अनु को नहीं बता सकते थे कि वह कहां जा रहे हैं और किससे बात कर रहे हैं। ऐसे में अनु को शक होने लगा कि शायद उनका किसी दूसरी महिला के साथ रिश्ता है। संजय ने बताया था कि वह अनु को इस पूरे मामले से दूर और सुरक्षित रखना चाहते थे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना था कि उनकी शादी में दूसरी परेशानियां भी थीं।

संजय ने खुद को माना था शादी टूटने का जिम्मेदार

साल 2013 में ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में संजय ने अपनी पहली शादी को लेकर कई गलतियां स्वीकार की थीं। उन्होंने कहा था कि शादी के समय वह पेशेवर रूप से सफल नहीं थे, शराब पीते थे और दूसरी महिलाओं के साथ रिश्ते भी रखते थे। उन्होंने साफ कहा था कि उनकी शादी में समस्या की बड़ी वजह वह खुद थे।

अनु से अलग होने के बाद संजय करीब तीन साल तक अभिनेत्री समीरा रेड्डी के साथ रिश्ते में रहे। इसके बावजूद उन्होंने कहा था कि वह अनु से कभी पूरी तरह दूर नहीं हुए। वह उनका ख्याल रखते रहे और चाहते थे कि अनु दोबारा उनकी जिंदगी में लौट आएं।

पांच साल तक मनाते रहे, फिर की दूसरी शादी

साल 2007 में संजय ने कहा था कि अनु ही उनकी सच्ची मोहब्बत हैं और वह उन्हें वापस पाने की उम्मीद नहीं छोड़ेंगे। दोनों अलग रहने के बावजूद एक-दूसरे के परिवारों के करीब थे। उनके पालतू कुत्ते भी दोनों के मिलने की एक वजह बने रहे।

आखिरकार 3 जून 2009 को मुंबई के खार स्थित एक मंदिर में दोनों ने छोटे समारोह में दोबारा शादी कर ली। इस तरह तलाक के करीब छह साल बाद उनका रिश्ता फिर जुड़ गया।

अनु ने भी मानी थी रिश्ते में अपनी गलती

साल 2024 में सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में अनु ने कहा था कि पहली शादी टूटने के लिए सिर्फ संजय जिम्मेदार नहीं थे। दोनों की अपनी-अपनी गलतियां थीं। उन्होंने यह भी बताया कि अलग रहने के दौरान संजय हर छह महीने में उनसे दोबारा साथ आने की बात करते थे। अंत में जब दोनों ने फिर शादी का फैसला किया, तब वे दोनों अकेले थे और करीब एक महीने के भीतर शादी कर ली।

संजय और अनु की कहानी में प्यार, गलतफहमियां, अलगाव और फिर साथ आने के कई पड़ाव रहे। उनके निधन के बाद यह किस्सा एक बार फिर चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *