फतेहाबाद पुलिस ने फ्रीज की 11 तस्करों की प्रॉपर्टी:₹1.94 करोड़ कीमत; लग्जरी गाड़ियां और सोने- चांदी के जेवर भी जब्त किए

फतेहाबाद पुलिस ने फ्रीज की 11 तस्करों की प्रॉपर्टी:₹1.94 करोड़ कीमत; लग्जरी गाड़ियां और सोने- चांदी के जेवर भी जब्त किए

फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के अलग-अलग मामलों से जुड़े 11 आरोपियों की करीब 1 करोड़ 94 लाख 32 हजार रुपए की चल-अचल प्रॉपर्टीज फ्रीज कराईं। इनमें रिहायशी मकान, स्कॉर्पियो गाड़ी, अन्य कारें, मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी शामिल हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत यह कार्रवाई की। तस्कर और विदेशी मुद्रा हेरफेर अधिनियम, 1976 (SAFEMA) नई दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। डीएसपी जय सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक फतेहाबाद पुलिस 1,063 नशा तस्करों को पकड़ चुकी है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करी से जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 43 आरोपियों की 7 करोड़ 19 लाख 30 हजार 499 रुपए की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज कराई गई हैं। जय सिंह के मुताबिक, 11 आरोपियों की संपत्तियों में लाखों रुपए के रिहायशी मकान, स्कॉर्पियो गाड़ियां, मोटरसाइकिल, आभूषण और नकदी शामिल हैं। इन आरोपियों पर शिकंजा कसा गया… रवि निवासी वार्ड नंबर 8, बाजीगर बस्ती, जाखल, जिला फतेहाबाद। थाना जाखल में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में रवि की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को फ्रीज किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपए है। गुलजार निवासी वार्ड नंबर 9, बाजीगर बस्ती, जाखल, जिला फतेहाबाद। थाना जाखल में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में गुलजार की बुलेट को फ्रीज किया गया है। बुलेट की अनुमानित कीमत 1 लाख रुपए आंकी गई है। पनवीर सिंह उर्फ पन्नू निवासी गांव म्योंद, जाखल, जिला फतेहाबाद। थाना शहर टोहाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में पनवीर सिंह के एक रिहायशी मकान को फ्रीज किया गया है। मकान की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए है। स्कॉर्पियो और सोने के जेवर फ्रीज किए छिंदर सिंह उर्फ जानकी निवासी गुरुनानकपुरा मोहल्ला, फतेहाबाद। थाना शहर फतेहाबाद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में छिंदर सिंह की स्कॉर्पियो गाड़ी तथा सोने के आभूषणों को फ्रीज किया गया है। इन संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 40 लाख 12 हजार 350 रुपए आंकी गई है। अंकुश निवासी जमालपुर शेखां, जिला फतेहाबाद। थाना शहर टोहाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में अंकुश की मोटरसाइकिल को फ्रीज किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपए है। जगसीर सिंह उर्फ पोपली निवासी गांव सुखलमपुर, तहसील रतिया, जिला फतेहाबाद। थाना शहर रतिया में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में जगसीर सिंह की फोर्ड फीगो कार को फ्रीज किया गया है। कार की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए आंकी गई है। महिला तस्कर पर भी कसा गया शिकंजा राजो बाई निवासी गुरुनानकपुरा मोहल्ला, फतेहाबाद। थाना शहर फतेहाबाद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में राजो बाई की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें 18.79 ग्राम सोना, 365.17 ग्राम चांदी, 1 लाख 68 हजार 100 रुपए की नकदी तथा एक रिहायशी मकान शामिल है। इन सभी संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है। स्वर्णो बाई निवासी गांव पीरांवाली, तहसील एवं जिला हिसार। थाना शहर फतेहाबाद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में स्वर्णो बाई के भीमा बस्ती स्थित रिहायशी मकान को फ्रीज किया गया है। मकान की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए है। छिंदर सिंह उर्फ छिंदू निवासी गुरुनानकपुरा मोहल्ला, फतेहाबाद। थाना शहर फतेहाबाद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में छिंदर सिंह की महिंद्रा स्कॉर्पियो को फ्रीज किया गया है। गाड़ी की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए है। राज उर्फ राजू निवासी किला मोहल्ला, टोहाना। थाना शहर टोहाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में राज उर्फ राजू के एक रिहायशी मकान को फ्रीज किया गया है। इस मकान की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए आंकी गई है। राहुल निवासी गांव दरियापुर, जिला फतेहाबाद। थाना सदर फतेहाबाद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में राहुल की रिहायशी भूमि तथा मोटरसाइकिल को फ्रीज किया गया है। दोनों संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 14 लाख 50 हजार रुपए है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *