पटेल जयंती पर जोशी का कांग्रेस पर हमला:बोले- गांधी परिवार के नाम पर योजनाएं होती रहीं, पटेल को नहीं मिला सम्मान; CM बोले- 1.18 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

पटेल जयंती पर जोशी का कांग्रेस पर हमला:बोले- गांधी परिवार के नाम पर योजनाएं होती रहीं, पटेल को नहीं मिला सम्मान; CM बोले- 1.18 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जयपुर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में राष्ट्र की एकता और अखंडता के संदेश के साथ सियासी बयानबाजी भी देखने को मिली। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाले सरदार पटेल को कांग्रेस ने कभी उचित सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस की सरकारों ने सरदार पटेल का स्मरण जनमानस से हटाने का प्रयास किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और गांधी परिवार के नाम पर सरकारी योजनाओं के नामकरण को लेकर भी सवाल उठाए। वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश सरकार की रोजगार, भर्ती और खेल संबंधी उपलब्धियां भी गिनाई। अमर जवान ज्योति पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं और पदक विजेता खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। जोशी बोले- पटेल ने बनाया अखंड भारत केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि आज देश जिस ‘एक भारत’ के स्वरूप को देख रहा है, उसके पीछे सरदार वल्लभ भाई पटेल का कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम है। उन्होंने 500 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजस्थान के गठन में भी उनके योगदान को हमेशा याद किया जाना चाहिए। उन्होंने 30 मार्च 1949 को वृहद राजस्थान के निर्माण को साकार करने में अहम भूमिका निभाई थी। जोशी ने कहा कि सरदार पटेल को उनके योगदान के अनुरूप सम्मान नहीं मिला। कांग्रेस सरकारों ने उनके व्यक्तित्व और योगदान को वह स्थान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने गांधी परिवार के सदस्यों के नाम पर योजनाओं और संस्थानों के नामकरण का उल्लेख करते हुए इस पर सवाल उठाए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। गुजरात के केवड़िया में स्थापित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार पटेल के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता के संकल्प का प्रतीक है। CM बोले- रन फॉर यूनिटी केवल दौड़ नहीं, राष्ट्रभक्ति का संकल्प मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक काम किया। हमारी भाषाएं और परंपराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन राष्ट्रीय पहचान एक है। रन फॉर यूनिटी केवल दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और एकता का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। युवाओं को माय भारत जैसे मंचों से राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना ने युवाओं को नौकरी तलाशने वाले से नौकरी देने वाला बनाने का अवसर दिया है। वहीं, खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट के माध्यम से गांव-ढाणी की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। 1.18 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की रोजगार और भर्ती संबंधी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 410 परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाई हैं और अब तक 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। इसके अलावा 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 5 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। वहीं, 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। युवा संबल योजना के तहत 4 लाख लाभार्थियों को 1,643 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं। 20 करोड़ से बनेगा सेंटर फॉर एक्सीलेंस मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक जिला-एक खेल योजना और खेल जीवन बीमा योजना शुरू की गई है। वर्ष 2028 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए मिशन ओलंपिक-2028 शुरू किया गया है। इसके तहत 20 करोड़ रुपए की लागत से सेंटर फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा नीति, नई रोजगार नीति और राज्य कौशल नीति के जरिए युवाओं के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। युवाओं को शिक्षा, पारदर्शी भर्ती, कौशल विकास और खेल सुविधाओं के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *