झांसी में शनिवार को मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह से ही धूप खिली हुई है, हालांकि ठंडी हवाएं चलने से मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शनिवार को झांसी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। बता दें कि गुरुवार और शुक्रवार को अर्नब चक्रवात के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिला था। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। बारिश से जिले का मौसम अचानक बिगड़ गया था। वहीं, रात के समय ठंड भी बढ़ गई थी। शनिवार को मौसम साफ होने और धूप खिलने से लोगों को राहत मिली है। मौसम बदलने से स्वास्थ्य बिगड़ रहा बीते दो दिन से मौसम बिगड़ने के चलते लोगों का स्वास्थ्य भी बिगड़ने लगा है। जिला अस्पताल से लेकर मेडिकल कॉलेज तक खांसी, जुकाम, बुखार और गले में संक्रमण के मरीज बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल के सीनियर फिजिशियन डॉक्टर डीएस गुप्ता ने बताया कि मौसम में हुए बदलाव के बाद लोग ठंडी चीजें या पानी पी रहे हैं, जिससे बुखार और कंजेशन की शिकायत हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में ठंडी चीजों का सेवन करने से बचें।

