पंजाब के 55% लोग प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार की परफॉर्मेंस को खराब मानते हैं, वहीं बाकी 45% जनता सरकार के काम से संतुष्ट है। लोगों ने अपनी यह राय दैनिक भास्कर एप की ओर से किए गए सर्वे में जाहिर की। जो 45% पंजाबी लोग CM भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार की परफॉर्मेंस से संतुष्ट हैं, उनमें से 22% इसे बहुत बढ़िया, 8% अच्छा और 15% ठीक मानते हैं। रीजनवाइज बात करें तो मालवा बेल्ट में सरकार के प्रति नाराजगी ज्यादा दिख रही है। प्रदेश की 117 सीटों में से 69 सीटें इस बेल्ट में हैं और इनमें से 45 सीटों पर लोगों ने सरकार की परफॉर्मेंस को अच्छा नहीं बताया। दोआबा की 19 और माझा की 22 सीटों पर भी लोग सरकार की परफॉर्मेंस से नाखुश दिखे। तमाम नाराजगी के बावजूद मालवा बेल्ट के लोगों ने सर्वे में आम आदमी पार्टी को इस बार भी अपनी मोस्ट फेवरेट पार्टी के रूप में पहले नंबर पर रखा। दैनिक भास्कर एप ने प्रदेश की सभी 117 सीटों पर 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच यह सर्वे किया। इसमें 102 सीटों का नतीजा घोषित किया गया। बाकी 15 सीटों पर नतीजे घोषित करने लायक वोटिंग नहीं हुई। मालवा- 8 मंत्रियों के इलाकों के लोग बोले- सरकार की परफॉर्मेंस खराब आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2022 में मालवा की 69 में से 66 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को सिर्फ 2 और अकाली दल को 1 सीट मिली थी। दैनिक भास्कर के सर्वे में 42 AAP विधायकों के इलाकों के लोगों ने सरकार की परफॉर्मेंस को खराब करार दिया। इनमें 8 कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं। इन मंत्रियों में तरुणप्रीत सौंद, डॉ. बलजीत कौर, डॉ. बलबीर सिंह, गुरमीत सिंह खुड्डियां, अमन अरोड़ा, हरजोत बैंस, बरिंदर कुमार गोयल और संजीव अरोड़ा शामिल हैं। मालवा की 15 सीटों पर लोग सरकार के काम से संतुष्ट हैं और उसे बहुत बढ़िया, अच्छा और ठीक-ठाक कैटेगरी में रखते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सीट धूरी के लोगों का मानना है कि CM और विधायक के तौर पर तो भगवंत मान का काम अच्छा रहा है, लेकिन सरकार की परफॉर्मेंस को उन्होंने खराब बताया। दूसरी ओर, स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के विधानसभा हलके कोटकपूरा के लोग AAP सरकार की परफॉर्मेंस को बहुत बढ़िया मानते हैं और 2027 में फिर से AAP को ही जिताना चाहते हैं। हालांकि, वे संधवां की जगह किसी अन्य को अपना MLA चुनना चाहते हैं। कुछ ऐसा ही हाल कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां का है। मुंडियां की सीट साहनेवाल के लोगों ने सरकार की परफॉर्मेंस को तो ठीक-ठाक बताया, लेकिन अगले चुनाव में वे अपने यहां से कांग्रेस पार्टी का विधायक चाहते हैं। दोआबा की 19 सीटों पर लोग बोले- सरकार की परफॉर्मेंस ठीक नहीं
दोआबा बेल्ट में टोटल 23 विधानसभा सीटें हैं। 2022 में AAP यहां 10 और कांग्रेस 9 सीटों पर जीती। BJP को एक, शिरोमणि अकाली दल को 2 और 1 सीट अन्य को मिली। बंगा से शिरोमणि अकाली दल के MLA डॉ. सुखविंदर सिंह सुक्खी 14 अगस्त 2024 को AAP में शामिल हो गए। इस दलबदल से AAP के यहां 11 विधायक हो गए। दैनिक भास्कर सर्वे में दोआबा की 23 में से 19 सीटों पर नतीजे घोषित हुए और इन सभी पर लोगों ने पंजाब सरकार की परफॉर्मेंस को खराब माना। इनमें 2 मंत्रियों- जालंधर वेस्ट से मोहिंदर भगत और शामचौरासी से डॉ. रवजोत सिंह के इलाके भी शामिल रहे। दोआबा में एक भी सीट ऐसी नहीं रही, जहां के लोगों ने पंजाब सरकार की परफॉर्मेंस को ठीक-ठाक, अच्छा या बहुत बढ़िया बताया। इस सर्वे में दोआबा बेल्ट की जिन 4 सीटों के नतीजे घोषित नहीं किए गए, उनमें भुलत्थ व शाहकोट कांग्रेस और उड़मुड़ व चब्बेवाल AAP के पास है। माझा की 25 में से 22 सीटों के लोग सरकार से नाखुश
माझा एरिया में विधानसभा की टोटल 25 सीटें हैं जिनमें से 17 पर AAP, छह पर कांग्रेस, एक पर अकाली दल और 1 सीट पर BJP का विधायक है। भास्कर सर्वे में यहां की 23 सीटों पर नतीजे घोषित हुए और इनमें से 22 सीटों पर लोगों ने सरकार की परफॉर्मेंस को खराब आंका। इन 22 में से 16 सीटों पर AAP के विधायक हैं। इनमें 2 मंत्रियों- लालचंद कटारूचक व हरभजन सिंह ईटीओ की सीट शामिल है। माझा में सिर्फ दीनानगर सीट के लोगों ने AAP सरकार की परफॉर्मेंस को बहुत बढ़िया बताया, जहां से कांग्रेस की अरुणा चौधरी विधायक हैं। अमृतसर जिले की मजीठा सीट पर अकाली दल और पठानकोट जिले की पठानकोट सीट पर BJP का विधायक है। इन दोनों हलकों के लोग भी सरकार की परफॉर्मेंस से नाखुश नजर आए। माझा की जिन 2 सीटों के नतीजे घोषित नहीं किए, उनमें फतेहगढ़ चूड़ियां से कांग्रेस और श्रीहरगोबिंदपुर से AAP के विधायक हैं। किस क्षेत्र में कौन सी पार्टी बनी लोगों की पहली पसंद… मालवा में AAP इस बार भी फेवरेट, 41% सीटों पर मोस्ट फेवरेट
सीटों के लिहाज से पंजाब के सबसे बड़े इलाके, मालवा के लोगों की मोस्ट फेवरेट पार्टी इस बार भी आम आदमी पार्टी (AAP) दिख रही। यहां की 41% सीटों पर लोगों ने AAP को अपनी पहली पसंद बताया। रूरल बेल्ट कहलाने वाले इस इलाके में BJP थोड़ा चौंकाती हुई दिखी। यहां की 30% सीटों पर लोगों ने उसे अपनी पहली पसंद बताया। ये आंकड़ा इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 2017 और 2022 के चुनाव में मालवा में BJP खाता तक नहीं खोल पाई थी। कांग्रेस को मालवा की सिर्फ 27% सीटों पर लोगों ने पहली पसंद के रूप में चुना। दोआबा में कांग्रेस पहले नंबर पर, AAP तीसरे स्थान पर खिसकी
दलित वोटरों के दबदबे वाले दोआबा एरिया में कांग्रेस लोगों की पहली पसंद बनकर उभरती दिख रही है। यहां की 48% सीटों पर लोगों ने कांग्रेस पार्टी को अपनी पहली पसंद के रूप में टॉप पर रखा। भाजपा दूसरे नंबर पर रहते हुए 31% सीटों पर लोगों की पहली पसंद बनी। सत्तारूढ़ AAP यहां महज 18% सीटों पर लोगों की पहली पसंद बन पाई। माझा में BJP की चौंकाने वाली बढ़त
माझा एरिया में इस सर्वे के नतीजे चौंकाने वाले रहे। यहां की 48% सीटों पर लोगों ने BJP को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना। इस लिस्ट में कांग्रेस दूसरे नंबर पर है और वह 31% सीटों पर लोगों की पहली पसंद बनी। AAP महज 17% सीटों पर लोगों की पहली पसंद बन पाई। ये आंकड़े इसलिए भी चौंकाने वाले हैं क्योंकि इस एरिया में खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल की पार्टी, अकाली दल-वारिस पंजाब दे का प्रभाव सबसे ज्यादा माना जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में अमृतपाल ने जेल में रहते हुए इसी एरिया की खडूर साहिब सीट से रिकॉर्ड 1.97 लाख वोटों से जीत दर्ज की। खडूर साहिब को पंजाब की सियासत में पंथक सीट माना जाता है। माझा एरिया के चारों जिलों- पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन की सीमा पाकिस्तान से टच करती है और इस लिहाज से यह पूरा एरिया सेंसटिव माना जाता है।

