पंजाब और चंडीगढ़ में आज (31 अक्टूबर) मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। बादल छंटने से दिन में धूप निकलेगी, जबकि सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ेगा। इस बीच अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे पहुंच गया है। रोपड़ में सबसे अधिक 32.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पंजाब और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, दक्षिण पंजाब में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना ऐसा क्षेत्र कमजोर पड़ गया है। 5 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 नवंबर तक पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश के आसार नहीं हैं। इस दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में दोपहर में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंड का अहसास होगा। हिमाचल से सटे जिलों में ठंड बढ़ी
हिमाचल प्रदेश से सटे पंजाब के मैदानी और अर्ध-पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 1 से 4.4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पठानकोट जिले के थीन डैम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 4.4 डिग्री की गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, होशियारपुर के सलेरन में पारा 4.2 डिग्री गिरकर 27.8 डिग्री पर पहुंच गया। पठानकोट के कृषि विज्ञान केंद्र में भी तापमान में 3 डिग्री की कमी आई और अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री दर्ज हुआ। ।इसके अलावा रूपनगर के भाखड़ा डैम क्षेत्र में भी अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां तापमान 28 डिग्री रहा। इन इलाकों में तापमान में आई गिरावट से सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है।

