केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा:पास हुए तो होशियार, फेल हुए तो शिक्षक खराब… राहुल गांधी का यही चरित्र

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा:पास हुए तो होशियार, फेल हुए तो शिक्षक खराब… राहुल गांधी का यही चरित्र

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल की तुलना ऐसे कमजोर छात्र से की, जो परीक्षा में पास होने पर खुद को होशियार बताता है और फेल होने पर शिक्षक को खराब ठहरा देता है। नड्डा शुक्रवार को भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत दुर्ग में आयोजित आमसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल का भी यही चरित्र है। चुनाव जीतते हैं तो खुद को बुद्धिमान मानते हैं और हारते ही चुनाव आयोग और ईवीएम पर ठीकरा फोड़ने लगते हैं। नड्डा ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी और 90 करोड़ मतदाताओं वाला भारत लोकतंत्र की जननी है। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए दुनिया भर में भारतीय निर्वाचन आयोग का सम्मान होता है, लेकिन कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर उनका अपमान कर रही है। राहुल गांधी की राजनीति ‘हिट एंड रन’ की है। आरोप लगाते हैं, लेकिन उन्हें साबित नहीं करते।
नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक के महादेवपुरा में एक लाख फर्जी वोट होने का आरोप लगाया था, लेकिन 477 दिन बीतने के बाद भी चुनाव आयोग को हलफनामा नहीं दिया। महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों को लेकर भी मनगढ़ंत आरोप लगाए। कानूनी हलफनामा देने के बजाय सुप्रीम कोर्ट में राजनीतिक जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन सड़कों पर हंगामा करने से नहीं, बल्कि मतदाताओं का दिल जीतने से होता है।
आपातकाल में 1.03 लाख लोगों को जेल भेजा, 100 बार चुनी हुई सरकारें गिराई
कांग्रेस के लोकतंत्र बचाने के दावों को पाखंड बताते हुए नड्डा ने कहा कि आपातकाल के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बिना मुकदमे और सुनवाई के 1.03 लाख लोगों को दो साल तक जेल में बंद रखा। आजादी की लड़ाई के दौरान अंग्रेजों ने भी एक साथ इतने लोगों को जेल नहीं भेजा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अनुच्छेद 356 का 100 बार दुरुपयोग कर चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। इनमें 50 बार अकेले इंदिरा गांधी के कार्यकाल में सरकारें भंग की गईं। नड्डा ने कहा कि जब इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश जगमोहन लाल सिन्हा ने इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध ठहराया और छह साल के लिए अयोग्य घोषित किया, तब न्यायपालिका को अपने पक्ष में करने के लिए ‘कमिटेड जुडिशरी’ की बात की गई।
तमिलनाडु में 58, बंगाल में 48 साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस
नड्डा ने कांग्रेस के लगातार घटते राजनीतिक जनाधार का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी तमिलनाडु में 58 साल, पश्चिम बंगाल में 48 साल, गुजरात, बिहार और उत्तर प्रदेश में 35-35 साल, ओडिशा में 25 साल और दिल्ली में 12 साल से सत्ता से बाहर है। कर्नाटक के हालिया एमएलसी चुनाव में भी कांग्रेस चार में से एक भी सीट नहीं जीत सकी। उन्होंने कहा कि जनता बार-बार कांग्रेस को नकार रही है, लेकिन पार्टी अपनी हार की वजह तलाशने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *