वाराणसी और आसपास के यात्रियों के लिए रेलवे दो नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने जा रहा है। 31 अक्टूबर को वाराणसी सिटी-राजातालाब और बनारस-प्रयागराज रामबाग के बीच मेमू ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ होगा। वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच चार जोड़ी ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि बनारस और प्रयागराज रामबाग के बीच एक जोड़ी ट्रेन सेवा शुरू होगी। खास बात यह है कि राजातालाब तक ट्रेन सेवा शुरू होने से शहर के पश्चिमी हिस्से के यात्रियों को आने-जाने के लिए नया विकल्प मिलेगा। वहीं, प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को भी सड़क के अलावा किफायती रेल सुविधा मिलेगी। इन ट्रेनों से रोजाना नौकरी, पढ़ाई, इलाज, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को फायदा होगा। दोनों सेवाओं का उद्घाटन 31 अक्टूबर को बनारस स्टेशन पर आयोजित समारोह में किया जाएगा। वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच चलेंगी चार जोड़ी ट्रेनें रेलवे ने वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू ट्रेनें चलाने की मंजूरी दी है। इन ट्रेनों में 12 कोच लगाए जाएंगे। ये ट्रेनें वाराणसी सिटी से चलकर वाराणसी जंक्शन, बनारस, भुल्लनपुर और हरदत्तपुर होते हुए राजातालाब पहुंचेंगी। इससे राजातालाब और आसपास के क्षेत्रों से शहर में नौकरी करने आने वाले कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को कॉलेज और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने के लिए नया विकल्प मिलेगा। इसके अलावा अस्पतालों में इलाज कराने आने वाले मरीजों, कारोबारियों और पर्यटकों को भी इसका लाभ मिलेगा। सड़क जाम से बचने के लिए मिलेगा रेल का विकल्प वाराणसी के कई इलाकों से राजातालाब और आसपास के क्षेत्रों में जाने के लिए लोगों को सड़क मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। ऐसे में नई मेमू सेवा शुरू होने से यात्रियों को रेल का विकल्प मिलेगा। रेलवे का कहना है कि इससे सड़क यातायात पर दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। राजातालाब स्टेशन से रिंग रोड के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचने की सुविधा भी मिलेगी। क्रिकेट मैच और अन्य आयोजनों के दौरान स्टेडियम जाने वाले दर्शकों के लिए यह सेवा उपयोगी हो सकती है। प्रयागराज रामबाग से बनारस के बीच भी नई ट्रेन वाराणसी और प्रयागराज के बीच यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बनारस-प्रयागराज रामबाग के बीच एक जोड़ी नई ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, कारोबारियों, किसानों, पर्यटकों और अदालत के काम से प्रयागराज जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। डीआरएम आशीष जैन ने बताया कि इस सेवा से दोनों शहरों के बीच कम खर्च में यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा। यात्री सुबह या दिन में अपने काम के लिए दूसरे शहर जा सकेंगे और ट्रेन से वापस लौटने की सुविधा भी मिलेगी। 31 अक्टूबर को दोनों सेवाओं का उद्घाटन 31 अक्टूबर को बनारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

