सोनीपत पुलिस लाइन में शुक्रवार को एक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग में लंबे समय तक सराहनीय और निष्ठापूर्ण सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए तीन पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में वेलफेयर निरीक्षक जसमेर और लाइन अफसर उप-निरीक्षक कुलदीप सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे ऑनरेरी निरीक्षक धर्मबीर सिंह, ऑनरेरी निरीक्षक जगदीश कुमार एवं उप-निरीक्षक श्री भगवान को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिन्ह व उपहार देकर सम्मानित किया। कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की सराहना समारोह को संबोधित करते हुए वेलफेयर निरीक्षक जसमेर व लाइन अफसर कुलदीप सिंह ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उनका कार्यकाल विभाग के अन्य कर्मियों और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। अधिकारियों ने सेवानिवृत्त हुए साथियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने अनुभवों से आगे भी समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

