स्पेशल TET देने वाले शिक्षकों को मिलेगी छुट्टी:यूपी सरकार ने जारी किया आदेश, 3 नवंबर को दो पालियों में 131 केंद्रों पर होगी परीक्षा

स्पेशल TET देने वाले शिक्षकों को मिलेगी छुट्टी:यूपी सरकार ने जारी किया आदेश, 3 नवंबर को दो पालियों में 131 केंद्रों पर होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special Teacher Eligibility Test) में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों और स्पेशल एजुकेटर्स को सरकार ने बड़ी राहत दी है। परीक्षा के दिन यानी 3 नवंबर को इन अभ्यर्थियों को विशेष अवकाश दिया जाएगा। शासन स्तर पर इस संबंध में निर्णय लिया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव लाल मणि यादव ने 30 अक्टूबर को इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 3 नवंबर 2026 को विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-03/2026) आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी में कराई जाएगी। इसके लिए अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में कुल 131 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। दो पालियों में होगी परीक्षा विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। शासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों और स्पेशल एजुकेटर्स को परीक्षा की तारीख के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत करने का निर्णय लिया है। संयुक्त सचिव ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को शासन के इस फैसले के अनुसार जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 30 अक्टूबर को जारी हुआ आदेश बेसिक शिक्षा अनुभाग-5 की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले सेवारत शिक्षकों और स्पेशल एजुकेटर्स को 3 नवंबर को विशेष अवकाश दिया जाएगा। इससे उन्हें ड्यूटी के साथ परीक्षा में शामिल होने को लेकर परेशानी नहीं होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *