छत्तीसगढ़ से देश के महानगरों का सफर अब विदेश यात्रा से भी महंगा साबित हो रहा है। नवंबर की शुरुआत में रायपुर से दिल्ली या पुणे जाने के लिए आपको जितना भारी-भरकम किराया चुकाना पड़ रहा है, उससे कम खर्च में आप आसानी से अंतरराष्ट्रीय सैर कर सकते हैं। लाइव ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल्स की ताजा दरों के मुताबिक, 6 नवंबर को रायपुर से दिल्ली का एकतरफा हवाई किराया रिकॉर्ड ₹24,832 पर पहुंच गया है, जबकि रायपुर से पुणे का किराया ₹23,995 तक बोल रहा है। इसके विपरीत, दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख पर्यटन केंद्रों—जैसे हैदराबाद से बैंकॉक के लिए टिकट मात्र ₹13,427 और सिंगापुर के लिए ₹13,114 से शुरू हो रहे हैं। यानी देश के भीतर सफर करने की तुलना में अंतरराष्ट्रीय टिकट करीब 10 हजार रुपए तक सस्ते पड़ रहे हैं। घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की तुलना
भारी-भरकम पैसे देने के बाद भी समय की बर्बादी हवाई यात्रियों पर इस समय दोहरी मार पड़ रही है। रायपुर से दिल्ली जाने के लिए इंडिगो की उड़ान में ₹24,832 खर्च करने के बाद भी यात्री को 8 घंटे 35 मिनट लग रहे हैं, क्योंकि फ्लाइट अहमदाबाद होकर जा रही है। वहीं, पुणे के लिए एयर इंडिया की ₹23,995 वाली फ्लाइट में दो जगह (दिल्ली और इंदौर) स्टॉपेज हैं, जिससे सफर करीब 9 घंटे लंबा हो जाता है। अगर आप पुणे के लिए ₹18,684 का अपेक्षाकृत कम किराया चुनते हैं, तो आपको दिल्ली में 22 घंटे से अधिक का लंबा और थकाऊ इंतजार करना होगा। क्यों महंगे हुए घरेलू रूट्स ट्रैवल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दिवाली बीतने के बावजूद आगे छठ पूजा और फिर शादियों का भारी सीजन शुरू होने वाला है। रायपुर से पुणे और दिल्ली जैसे शहरों में नौकरी करने वाले पेशेवरों और पढ़ाई करने वाले छात्रों की तादाद बहुत ज्यादा है। इस भारी मांग (Dynamic Pricing) और रायपुर से सीधी उड़ानों की सीमित संख्या के कारण एयरलाइंस नवंबर के पहले दो हफ्तों में भी यात्रियों की जेबें ढीली कर रही हैं। इसके विपरीत, ऑफ-सीजन और प्रोमोशनल ऑफर्स के चलते भारत के प्रमुख हब से बैंकॉक-सिंगापुर जैसी विदेशी उड़ानें अभी भी बजट में बनी हुई हैं।

