इंदौर के मध्य क्षेत्र स्थित मारोठिया बाजार में गुरुवार देर रात पूजन और किराना सामग्री की तीन मंजिला दुकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लपटें दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं। सूचना पर दमकल की टीमें और सराफा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड के अनुसार, रात करीब 1 बजे मारोठिया बाजार स्थित राम गोपाल कन्हैयालाल नाम की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। दुकान बंटी शर्मा की बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने दुकान की ऊपरी मंजिलों से धुआं और आग की लपटें उठती देख पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। त्योहारी सीजन के लिए भरा था लाखों का सामान आग लगने के समय दुकान में आगामी त्योहारों के लिए बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और किराना सामान रखा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोकी आग मारोठिया बाजार घना और संकरा व्यापारिक क्षेत्र है। यहां दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं। ऐसे में आग आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा था। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाकर दूसरी दुकानों को चपेट में आने से बचा लिया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

