बिलारी से चुनाव लड़ सकते हैं राजा चंद्रविजय सिंह:सांसद और 2 बार विधायक रहे; 22 साल से सियासत से दूर, सपा में जाने की अटकलें

बिलारी से चुनाव लड़ सकते हैं राजा चंद्रविजय सिंह:सांसद और 2 बार विधायक रहे; 22 साल से सियासत से दूर, सपा में जाने की अटकलें

मुरादाबाद की सहसपुर रियासत के राजा चंद्र विजय सिंह उर्फ बेबी राजा 22 साल तक सियासत से दूर रहने के बाद 2027 के चुनाव में फिर से चुनावी समर में उतर सकते हैं। पिछले कुछ वक्त से बिलारी सीट पर उनकी बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, राजा चंद्र विजय सिंह ने दैनिक भास्कर से कहा कि, उन्होंने अभी तक इस मामले में कुछ भी डिसाइड नहीं किया है।
राजा चंद्र विजय सिंह वर्ष 1999 में मुरादाबाद के सांसद रह चुके हैं। इसके पहले वे दो बार विधायक भी रहे। लेकिन भाजपा के टिकट पर 2004 में मुरादाबाद लोकसभा सीट पर उन्हें सपा के डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से राजा चंद्र विजय सिंह एक्टिव पॉलिटिक्स से दूर हैं। खुद राजा चंद्र विजय सिंह कहते हैं कि वे फिलहाल किसी भी राजनीतिक दल में नहीं हैं। लेकिन उनकी बढ़ती सक्रियता से राजनीतिक गलियारों में इतना साफ है कि वे बिलारी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। उनकी रियासत सहसपुर का केंद्र भी यहीं है। चंद्र विजय सिंह किसी वक्त में मुलायम सिंह यादव के काफी करीबियों में शुमार थे। भाजपा में जाने के बाद भी उनके व्यक्तिगत रिश्ते सपा की टॉप लीडरशिप से बेहतर रहे हैं। बिलारी सीट पर उनके प्रभाव को देखते हुए इस बात के भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वे सपा से बिलारी सीट पर 2027 का चुनाव लड़ सकते हैं।
चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर राजा चंद्र विजय सिंह से हमने 4 सवाल पूछे
सवाल- क्या आप 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं ?
जवाब- अभी मेरी तरफ से कोई पहल नहीं है।

सवाल- क्या आप बिलारी सीट से चुनाव लड़ेंगे?
जवाब- यहां मेरा घर है। पीढ़ियों से रिश्ता है। जो चुनाव पर निर्भर नहीं करता। यहां के लोग मेरे अपने हैं और हमेशा मेरे दिल के सबसे करीब रहेंगे।

सवाल- 2004 के बाद आप राजनीति से दूर रहे। इतने सालों तक इस दूरी की वजह ?
जवाब- मैं अपने घरेलू कार्यों में व्यस्त हूं। राजनीति मेरा व्यवसाय कभी नहीं रहा।

सवाल- क्या आप सपा जॉइन करने जा रहे हैं ?
जवाब- सब से मधुर संबंध हैं। माननीय मुलायम सिंह जी जब प्रदेश जनता दल के अध्यक्ष थे, तब मैं उनकी टीम में प्रदेश महामंत्री रहा था। अभी किसी राजनीतिक दल में नहीं हूं।

कौन हैं राजा चंद्र विजय सिंह उर्फ बेबी राजा पूरा नाम: राजा चंद्र विजय सिंह उर्फ बेबी राजा
जन्म: 18 दिसंबर 1950 (लखनऊ, उत्तर प्रदेश)
पिता का नाम: दीवान मिश्री चंद्र
रियासत: सहसपुर के राजा (मुरादाबाद जिला, उत्तर प्रदेश)
शिक्षा: स्कूली शिक्षा प्रसिद्ध दून स्कूल (देहरादून) से पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के विधि संकाय से कानून (LL.B.) की पढ़ाई की। राजनीतिक करियर राजा चंद्र विजय सिंह का राजनीतिक सफर मुख्य रूप से मुरादाबाद की क्षेत्रीय राजनीति और विधानसभा से लेकर लोकसभा तक का रहा है। 1.विधायक के रूप में दो कार्यकाल
प्रथम कार्यकाल: 1989 से 1991 तक
द्वितीय कार्यकाल: 1993 से 1995 तक 2. 13वीं लोकसभा में मुरादाबाद के सांसद के रूप में
कार्यकाल: 1999–2004 3. 2004 का लोकसभा चुनाव: साल 2004 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी (BJP) के टिकट पर मुरादाबाद से दोबारा चुनाव लड़ा। इस बेहद करीबी और कड़े मुकाबले में समाजवादी पार्टी (SP) के कद्दावर नेता डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने उन्हें हरा दिया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *