राजधानी में एयरपोर्ट सिटी के विकास को गति देने के लिए विवांता और जिंजर ब्रांड के दो नए होटल विकसित किए जाएंगे। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने चार शहरों में आठ होटल बनाने के लिए समझौता किया है। इन होटलों में कुल 2,000 से अधिक कमरे होंगे। लखनऊ में दो होटल बनने से यात्रियों, कारोबारियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट सिटी में विकसित होंगी व्यावसायिक सुविधाएं
अदाणी एयरपोर्ट्स की योजना हवाई अड्डों के आसपास एकीकृत सुविधाएं विकसित करने की है। इसके तहत होटल, व्यावसायिक गतिविधियों, खुदरा कारोबार और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। लखनऊ में प्रस्तावित होटल इसी योजना का हिस्सा हैं। इससे शहर में बढ़ती व्यावसायिक और पर्यटन संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
छह शहरों में 20 हजार करोड़ से अधिक का निवेश अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड सात राज्यों के आठ हवाई अड्डों पर 655 एकड़ से अधिक जमीन विकसित करने के लिए बनाई गई है। पहले चरण में मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में करीब 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इसके लिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव है। आठ होटलों का होगा विकास समझौते के तहत आठ होटलों में तीन ताज, दो विवांता, एक गेटवे और दो जिंजर ब्रांड के होटल शामिल होंगे। इनका निर्माण और विकास अदाणी एयरपोर्ट्स की ओर से किया जाएगा, जबकि संचालन IHCL करेगी। इस साझेदारी से प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास होटल और आतिथ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना है।

