कानपुर के नवाबगंज में तेज रफ्तार दुग्ध वाहन काल बनकर दौड़ा और बाइक सवार बुजुर्ग अधिवक्ता को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो पिता का क्षत-विक्षत शव देखकर बिलख पड़े। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। करवा चौथ का व्रत रखे पत्नी घर पर पति के लौटने का इंतजार करती रही। हादसे की जानकारी मिलने पर उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। करवा चौथ की पूजा का सामान लेने निकले थे अधिवक्ता रावतपुर थाना क्षेत्र के विनायकपुर निवासी वीरेंद्र सिंह सेंगर पेशे से अधिवक्ता थे। परिवार में उनकी पत्नी संतोष, बड़ा बेटा नागेंद्र और छोटा बेटा कौशलेंद्र हैं। कौशलेंद्र पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग लखनऊ में है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर वीरेंद्र सिंह सेंगर घर से करवा चौथ की पूजा का सामान लेने के लिए नवाबगंज निकले थे। वह बाइक से गुरुदेव क्रॉसिंग पार कर रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार दुग्ध वाहन ने उन्हें टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसा देखकर राहगीरों ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नवाबगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक के पास मोबाइल फोन मिला, जिसके जरिए परिजनों से संपर्क कर हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पिता का क्षत-विक्षत शव देखकर बेटों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
व्रत रखकर पति के लौटने का इंतजार करती रहीं पत्नी
वीरेंद्र सिंह सेंगर की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। परिजनों के मुताबिक, उनकी पत्नी संतोष करवा चौथ का व्रत रखे हुए थीं। उन्होंने ही पति को पूजा का सामान लेने के लिए घर से भेजा था। उन्हें उम्मीद थी कि पति सामान लेकर लौट आएंगे और परिवार में त्योहार की तैयारियां पूरी होंगी।
इधर, घर पर संतोष पति के लौटने का इंतजार कर रही थीं, लेकिन काफी देर तक उनके वापस नहीं आने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन कुछ समय तक उन्हें घटना के बारे में बताने से बचते रहे। हालांकि, बार-बार पूछने पर जब उन्हें पति की मौत की खबर दी गई तो वह चीख पड़ीं और रोते-रोते बेहोश हो गईं। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला और शांत कराया।
करवा चौथ के दिन पति की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।
वाहन कब्जे में, तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
नवाबगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि हादसे में शामिल दुग्ध वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

