हनुमानगढ़ में 760 किलो मिठाई और सामग्री नष्ट कराई:खाद्य सुरक्षा विभाग ने 700KG कच्चा माल सीज किया; 80 निरीक्षण में 152 सैंपल लिए

हनुमानगढ़ में 760 किलो मिठाई और सामग्री नष्ट कराई:खाद्य सुरक्षा विभाग ने 700KG कच्चा माल सीज किया; 80 निरीक्षण में 152 सैंपल लिए

हनुमानगढ़ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 13 अक्टूबर से अब तक 80 निरीक्षण किए और 152 सैंपल लिए। कार्रवाई में 760 किलो मिठाई और मिठाई बनाने की सामग्री नष्ट करवाई गई। अमानक होने के संदेह में करीब 700 किलो सामग्री सीज की गई।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने दीपावली पर लोगों को शुद्ध और अच्छी गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए मिलावट के खिलाफ अभियान शुरू किया है। आयुक्त, पीएचएस और जिला कलेक्टर के निर्देशन में चल रहा यह अभियान 8 नवंबर तक जारी रहेगा।
अभियान के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तीन टीमें बनाई गई हैं। पहली टीम हनुमानगढ़, टिब्बी और संगरिया में, दूसरी पीलीबंगा और रावतसर में और तीसरी नोहर-भादरा में जांच कर रही है। तीनों टीमें निरीक्षण और सैंपल लेने का काम कर रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सामग्री में मिलावट या अमानक होने का संदेह होने पर विभाग को शिकायत की जा सकती है। जांच में सामग्री असुरक्षित पाए जाने पर मुखबिर योजना के तहत शिकायतकर्ता को सरकार की ओर से तय राशि दी जाती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
डॉ. शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से मिठाई, ड्राई फ्रूट और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने खाद्य पदार्थ बनाने में शुद्ध सामग्री इस्तेमाल करने और जहां तक संभव हो, पैक पर एक्सपायरी तारीख लिखने की अपील की।
उन्होंने आम लोगों से भी मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने को कहा। पैक्ड खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तारीख और सामग्री का वजन जांचने की सलाह दी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *