जैतहरी में जुआ खेलते 7 आरोपी गिरफ्तार:वेंकटनगर में बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त, ट्रॉली में 3 घन मीटर अवैध रेत मिली

जैतहरी में जुआ खेलते 7 आरोपी गिरफ्तार:वेंकटनगर में बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त, ट्रॉली में 3 घन मीटर अवैध रेत मिली

अनूपपुर जिले में जैतहरी पुलिस ने बुधवार देर रात दो अलग-अलग जगहों पर जुआ खेलते 7 लोगों को गिरफ्तार किया। वेंकटनगर चौकी पुलिस ने अवैध रेत ले जा रहे बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जैतहरी इलाके में दो जगह जुआ खेला जा रहा है। टीम ने ग्राम छातापटपर में जगत गुप्ता के घर के पास दबिश दी। वहां रुद्र प्रसाद यादव, जोहन सिंह गोंड और बबलू सिंह गोंड ताश के पत्तों पर दांव लगाते मिले। पुलिस ने उनके पास से 600 रुपए, 52 ताश के पत्ते और 25 हजार रुपए कीमत के 3 मोबाइल जब्त किए। जैतहरी साप्ताहिक बाजार परिसर में शेड के नीचे जुआ खेलते अखिलेश पाण्डेय, विनय अग्रवाल, राजा अग्रवाल और कमल राठौर पकड़े गए। उनके पास से 2,860 रुपए, 52 ताश के पत्ते और 42 हजार रुपए कीमत के 3 मोबाइल मिले। दोनों जगहों से कुल 3,460 रुपए, 6 मोबाइल फोन (कीमत 67 हजार रुपए) और ताश के पत्ते जब्त किए गए। सभी 7 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त वेंकटनगर चौकी पुलिस को गश्त के दौरान ग्राम भैना डोंगरी में सूचना मिली कि ग्राम सुलखारी की तिपान नदी से रेत निकालकर बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के ट्रैक्टर से ले जाई जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर रोककर जांच की तो ट्रॉली में 3 घन मीटर रेत मिली। चालक वेदप्रताप राठौर उर्फ सूरज, निवासी सुलखारी, वैध परिवहन पर्ची नहीं दिखा सका। पुलिस ने 5 लाख रुपए कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 हजार रुपए की रेत जब्त की। कुल जब्त सामान की कीमत 5 लाख 3 हजार रुपए बताई गई। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं और खान खनिज अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। कार्रवाई थाना प्रभारी जैतहरी गोकुलानंद पाण्डेय और चौकी प्रभारी वेंकटनगर प्रवीण कुमार साहू के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा की गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *