बाराबंकी में करवा चौथ आज, गुरुवार को मनाया जाएगा। पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए महिलाएं व्रत की तैयारियों में जुटी हैं। बाजारों में देर रात तक खरीदारी चलती रही। महिलाएं डिजाइनर साड़ी, फैंसी सूट, चूड़ियां, गहने और शृंगार का सामान खरीद रही हैं। मेहंदी लगवाने के लिए भी भीड़ है। प्रीति ने कहा कि उत्तर भारत में महिलाएं छठ पूजा की तरह करवा चौथ का भी इंतजार करती हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व पति की लंबी उम्र की कामना के साथ आस्था, प्रेम और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा है। शहर की लइया मंडी में मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की कतारें लग रही हैं। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से सुबह 10 बजे से देर रात तक महिलाएं मेहंदी लगवाने पहुंच रही हैं। रोजाना 100 से ज्यादा महिलाएं मेहंदी लगवा रही हैं। सामान्य दिनों में एक हाथ पर मेहंदी लगाने के 50 से 100 रुपए लगते हैं। त्योहार पर डिजाइन के हिसाब से कीमतें दो से ढाई गुना तक बढ़ गई हैं।
धनोखर, नगर पालिका मार्केट और घंटाघर के सर्राफा बाजार में भी महिलाएं खरीदारी कर रही हैं। वे साड़ी, सलवार-सूट, सोने की चेन, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया खरीद रही हैं। पूजन सामग्री की दुकानों पर करवा और पूजा के सामान की मांग बढ़ी है। करवा चौथ पर पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 से 6:56 बजे तक बताया गया है। बाराबंकी में चांद रात करीब 8:06 बजे निकलने का अनुमान है। महिलाएं दिनभर व्रत रखेंगी और चांद के दर्शन व पूजा के बाद व्रत खोलेंगी।

