झोटा हत्याकांड: 31 अक्टूबर को घेरेंगे विधायकों के घर:इंसाफ कमेटी का ऐलान, स्पेशल डीजीपी ने धरनास्थल का लिया जायजा, तीन आरोपी न्यायिक हिरासत भेजे

झोटा हत्याकांड: 31 अक्टूबर को घेरेंगे विधायकों के घर:इंसाफ कमेटी का ऐलान, स्पेशल डीजीपी ने धरनास्थल का लिया जायजा, तीन आरोपी न्यायिक हिरासत भेजे

मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर चल रहे इंसाफ मोर्चे के बीच आंदोलन तेज करने की तैयारी है। इंसाफ कमेटी ने ऐलान किया है कि 31 अक्टूबर को पूरे पंजाब में विधायकों के घरों का घेराव किया जाएगा। इससे पहले 30 अक्टूबर को 50 संगठनों के साथ बैठक कर उन्हें आंदोलन में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। कमेटी ने गिरफ्तार किए गए लक्खा सिधाना, मोहनजीत शेरों समेत अन्य युवाओं को रिहा करने की मांग भी उठाई। दूसरी ओर बुधवार देर शाम को धरनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पंजाब पुलिस के स्पेशल डीजीपी परवीन सिन्हा समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। वहीं, हत्याकांड के आरोपी अश्वनी कुमार समेत तीन आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भम्मे कलां के युवक दलजीत सिंह के मामले बताया कि दलजीत सिंह का पोस्टमार्टम एम्स अस्पताल में करवाया गया है। 31 अक्टूबर को विधायकों के घरों का होगा घेराव
मानसा में चल रहे इंसाफ मोर्चे के दौरान इंसाफ कमेटी ने आंदोलन की आगामी रणनीति का खुलासा किया। कमेटी के नेताओं ने कहा कि 30 अक्टूबर को 50 विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें सभी संगठनों को धरने में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। कमेटी ने ऐलान किया कि 31 अक्टूबर को पंजाबभर में विधायकों के घरों का घेराव किया जाएगा। नेताओं ने बीते दिन गिरफ्तार किए गए लखा सिधाना, मोहनजीत शेरों और अन्य युवाओं की रिहाई की मांग भी की। धरनास्थल पहुंचे स्पेशल डीजीपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर चल रहे धरने के बीच पंजाब पुलिस के स्पेशल डीजीपी परवीन सिन्हा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मानसा पहुंचे। अधिकारियों ने धरनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और वहां तैनात पुलिस कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्थिति पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। स्पेशल डीजीपी परवीन सिन्हा के साथ एडीजीपी गौतम चीमा, आईजी हरजीत सिंह और एसएसपी वैभव चौधरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस की तैनाती और मौके पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। परविंदर सिंह झोटा की मौत के विरोध में प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे हैं। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के समाधान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि पुलिस मामले पर काम कर रही है और इसका समाधान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अश्वनी कुमार समेत तीन आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
झोटा हत्याकांड में आरोपी अश्वनी कुमार समेत तीन आरोपियों को मोहाली स्थित सीबीआई अदालत में पेश किया गया। पांच दिन का रिमांड खत्म होने के बाद अदालत में पेश किए गए तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। गौरतलब है कि अश्वनी कुमार की पत्नी नीलम रानी को अदालत पहले ही 5 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। एक ओर इंसाफ कमेटी ने 31 अक्टूबर को पंजाबभर में विधायकों के घरों के घेराव का ऐलान किया है, वहीं दूसरी ओर धरनास्थल पर पुलिस की गतिविधियां बढ़ी हैं। हत्याकांड में आरोपियों की न्यायिक हिरासत और मामले की जांच के बीच अब आंदोलन की अगली रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *