जयपुर में मालवीय नगर से जगतपुरा तक हटाया अतिक्रमण:JDA ने 80 फीट रोड पर की कार्रवाई; अवैध निर्माण तोड़े

जयपुर में मालवीय नगर से जगतपुरा तक हटाया अतिक्रमण:JDA ने 80 फीट रोड पर की कार्रवाई; अवैध निर्माण तोड़े

राजधानी जयपुर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन शाखा ने मालवीय नगर की नन्दपुरी कॉलोनी से जगतपुरा तक 80 फीट सेक्टर रोड की सीमा में किए गए अतिक्रमणों को निशाने पर लेते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान अवैध मकानों, दुकानों, बाउंड्रीवॉल, चबूतरों और अन्य निर्माणों को जेसीबी मशीनों, लोखंडे और मजदूरों की मदद से हटाया गया। JDA की प्रवर्तन टीम ने आज राजस्व और तकनीकी स्टाफ की निशानदेही पर चिह्नित अतिक्रमणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और प्रवर्तन दस्ते को काम करने में किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। 80 फीट सेक्टर रोड की सीमा में बने अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर कार्रवाई के लिए प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी मशीन, लोखंडे और मजदूरों की सहायता ली। राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ ने मौके पर निर्माणों की निशानदेही की, जिसके बाद चिह्नित अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य 80 फीट सेक्टर रोड की निर्धारित सीमा से अतिक्रमण हटाना था। पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में चला अभियान अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान JDA की प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों के साथ पुलिस आयुक्तालय जयपुर से उपलब्ध करवाया गया अतिरिक्त पुलिस बल और स्थानीय पुलिस थाना जवाहर सर्किल का जाप्ता भी मौजूद रहा। पुलिस की मौजूदगी में प्रवर्तन दस्ते ने चिह्नित स्थानों पर कार्रवाई की। सड़क सीमा पर अतिक्रमण के खिलाफ JDA का सख्त रुख राजधानी में सड़क सीमाओं पर अवैध निर्माण और कब्जे यातायात व्यवस्था तथा सार्वजनिक रास्तों के इस्तेमाल को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में निर्धारित सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमणों को हटाने के लिए प्राधिकरण की ओर से की जाने वाली कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, इस मामले में पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है। लेकिन कुछ निर्माणकर्ताओं द्वारा कोर्ट स्टे ले लिया गया था। जिन पर फैसले के बाद आज जयपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *