आईसीसी की ओर से जारी ताजा टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में रवींद्र जडेजा की बादशाहत खत्म हो गई है। जडेजा चार साल से भी अधिक समय से टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए थे। अब उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन ने ले ली है। जडेजा एक स्थान फिसलकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
मार्को यानसेन ने अपने करियर में पहली बार दो श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज ने गकेबरहा में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दूसरे मुकाबले में टीम की शानदार जीत में अहम भूमिका निभाई। यानसेन ने बल्ले से 85 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में पांच विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर मार्को यानसेन ने तीनों रैंकिंग श्रेणियों में सुधार किया। 26 वर्षीय यानसेन टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 13 स्थान ऊपर चढ़कर 56वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाकर उन्होंने मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया।
इसके अलावा, टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर उन्होंने भारत के रवींद्र जडेजा से शीर्ष स्थान छीन लिया। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज गेंदबाज डेल स्टेन ने यानसेन को ‘दुनिया का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर’ बताया था। अब यानसेन पहली बार टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी नंबर-1 बन गए हैं।
खबर अपडेट हो रही है..

