West Bengal Encounter Update: बेटी की हत्या के आरोपी की एनकाउंटर में मौत, पीड़िता के पिता का आया पहला बयान- वह इसी लायक था

West Bengal Encounter Update: बेटी की हत्या के आरोपी की एनकाउंटर में मौत, पीड़िता के पिता का आया पहला बयान- वह इसी लायक था

Bengal Encounter News: पश्चिम बंगाल में एक ही दिन में दो एनकाउंटर में दो आरोपी ढेर हो गए हैं। उत्तर 24 परगना के गाइघाटा के बाद मुर्शिदाबाद जिले के धुलियान में भी पुलिस की गोली से एक आरोपी की मौत हो गई। समाउन शेख को शमशेरगंज में हुए चर्चित सुजीत मंडल हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 

West Bengal Encounter : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में एक ही दिन में दो एनकाउंटर में दो आरोपी ढेर हो गए हैं। उत्तर 24 परगना के गाइघाटा के बाद मुर्शिदाबाद जिले के धुलियान में भी पुलिस की गोली से एक आरोपी की मौत हो गई। समाउन शेख को शमशेरगंज में हुए चर्चित सुजीत मंडल हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को राज्य सीआईडी की टीम उसे लेकर शमशेरगंज थाने के तहत आने वाले पुराना डाकबंगला इलाके में क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए गई थी। पुलिस का आरोप है कि इसी प्रक्रिया के दौरान समाउन ने अचानक एक अधिकारी की बंदूक छीन ली और भागने का प्रयास करते हुए तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली से समाउन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जंगीपुर अनुमंडल (सब-डिविजनल) अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान गोलीबारी, आरोपी की मौत

पहली घटना उत्तर 24 परगना जिले की है। पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार प्रह्लाद दास (23) को घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था, ताकि वारदात का पुनर्निर्माण कराया जा सके। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और पुलिस की रिवॉल्वर छीनकर तीन गोलियां चला दीं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रह्लाद के बाएं पैर और सीने में गोलियां लगीं। उसे चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, गोलीबारी में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिसकर्मियों ने पास की नहर की आड़ लेकर खुद को बचाया। हालांकि, अधिकारी ने यह भी संकेत दिया कि आरोपी पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर तक कैसे पहुंचा और गोलीबारी की नौबत किन परिस्थितियों में आई, इसकी जांच की जा सकती है।

बेटी वापस नहीं मिलेगी, लेकिन पुलिस ने सही किया : पिता

मृतक छात्रा के पिता ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बेटी को खोने का दुख कभी कम नहीं होगा, लेकिन पुलिस ने सही काम किया है। पिता ने कहा कि उन्हें अब तक जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार आरोपी ने पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली भी चलाई। उन्होंने कहा कि हमें अपनी बेटी वापस नहीं मिलेगी, लेकिन पुलिस ने सही काम किया है। वह ऐसे ही अंत का हकदार था।

मुर्शिदाबाद में सुजीत मंडल हत्याकांड के आरोपी की भी मौत

दूसरी घटना, मुर्शिदाबाद जिले के धुलियान की है। यहां चर्चित सुजीत मंडल हत्याकांड में गिरफ्तार समाउन शेख की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। उसे शमशेरगंज थाना क्षेत्र के पुराना डाकबंगला इलाके में क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जाया गया था। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान समाउन ने एक अधिकारी की बंदूक छीन ली और भागने की कोशिश करते हुए तीन राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें समाउन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जंगीपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन महीने में एनकाउंटर की तीसरी घटना

पश्चिम बंगाल में करीब तीन महीने के भीतर पुलिस मुठभेड़ में आरोपी की मौत की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले के मुख्य आरोपी प्रवास मंडल की पुलिस गोलीबारी में मौत हो गई थी।

उस मामले में भी पुलिस ने दावा किया था कि घटनास्थल पर वारदात का पुनर्निर्माण कराने के दौरान आरोपी ने एक अधिकारी की रिवॉल्वर छीनकर गोली चलाई थी। इस घटना के बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने आरोपी की मुठभेड़ में मौत के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़ की परिस्थितियां जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण हो गई हैं। गाइघाटा और धुलियान की घटनाओं में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाने का दावा किया है। वहीं, इन घटनाओं में हथियार छीने जाने और गोलीबारी तक पहुंचे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच अहम रहेगी।

  

​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *