जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के रामराज नगर स्थित एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। चोर मकान से सोने के आभूषण चुरा कर ले गए। घटना के समय मकान में कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
थाने में दी रिपोर्ट में पीड़ित भारत ने बताया कि वो चौपासनी क्षेत्र में रहते हैं। उनका एक मकान रामराज नगर चौखा में है। जहां कोई नहीं रहता है। 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2 बजे वो मकान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ था।
जब घर के सामान की तलाशी ली गई, तो पता चला कि चोर घर से सोने की एक रखड़ी चैन सहित आभूषण जिसका कुल वजन करीब 37 ग्राम था, चुराकर ले गए। चोरों ने मकान में रखे संदूक को तोड़कर आभूषण चुरा लिए। इसके बाद पीड़ित की ओर से रिपोर्ट दी गई। रिपोर्ट मिलने पर थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

