घर के बाहर खड़ी नई स्कॉर्पियो को बदमाशों ने फूंका:बहन से मांगकर लाए थे, बदमाशों ने डंडों से तोड़े कांच, फिर लगाई आग

घर के बाहर खड़ी नई स्कॉर्पियो को बदमाशों ने फूंका:बहन से मांगकर लाए थे, बदमाशों ने डंडों से तोड़े कांच, फिर लगाई आग

जोधपुर शहर के भगत की कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदेव चौक इलाके में बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी एक नई स्कॉर्पियो-एन कार को आग के हवाले कर दिया। आग की इस घटना में स्कॉर्पियो के साथ-साथ उसके पीछे खड़ी एक अन्य गाड़ी भी बुरी तरह जल गई। गनीमत यह रही कि समय रहते पड़ोसियों और दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी तेजाराम पुत्र स्व. भेराराम, निवासी रामदेव चौक, भगत की कोठी ने बताया कि वे अपनी धर्म की बहन से उनकी बिल्कुल नई स्कॉर्पियो-एन कार अपने निजी काम के लिए मांगकर लाए थे। उन्होंने इस गाड़ी को 25 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 9 बजे अपने घर के बाहर खड़ा किया था। मध्य रात्रि करीब 2 बजे जब अचानक गाड़ी में आग लगी और बाहर शोर हुआ, तो तेजाराम और आसपास के लोग तुरंत बाहर भागे। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुँची। मामले के CCTV देखे तो बदमाशों की करतूत नजर आई। जिसमें रात करीब 2:00 बजे एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार गली में आकर रुकी। उसमें से एक संदिग्ध नीचे उतरा और उसने डंडे से तेजाराम की स्कॉर्पियो तथा उसके पीछे खड़ी एक अन्य गाड़ी के कांच तोड़ दिए और फरार हो गए। इस घटना के ठीक एक घंटे बाद वही स्विफ्ट कार फिर से लौटकर आई। इस बार गाड़ी से उतरा शख्स स्कॉर्पियो पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसमें आग लगा गया और मौके से रफूचक्कर हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भगत की कोठी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच ASI दिनेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिना नंबर की स्विफ्ट कार और उसमें सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *